IPL 2026 Playoffs Schedule: फाइनल हो गई प्लेऑफ की चारों टीमें, यहां जान लें अंतिम चार मुकाबलों का पूरा शेड्यूल

IPL 2026 Playoffs Schedule: आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में आरसीबी, सनराइजर्स हैदराबाद, गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स ने जगह बना ली है। राजस्थान ने मुंबई इंडियंस को हराकर चौथा स्थान हासिल किया। अब प्लेऑफ के मुकाबले में चारों टीमें खिताब जीतने के लिए भिड़ेंगी

अपडेटेड May 24, 2026 पर 9:28 PM
Story continues below Advertisement
IPL 2026 Playoffs Schedule: आईपीएल 2026 में प्लेऑफ के मुकाबले की शुरुआत 26 मई से होगा

IPL 2026 Playoffs Schedule: आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली चारों टीमों की तस्वीर साफ हो गई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस पहले ही नॉकआउट दौर में पहले ही अपनी जगह बना चुकी थीं। वहीं चौथे स्पॉट के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिली। आईपीएल के 69वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को हराकर आखिरी प्लेऑफ स्पॉट अपने नाम कर लिया। राजस्थान की इस जीत ने पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया गया। दोनों टीमें आखिरी समय तक दौड़ में बनी हुई थीं, लेकिन अब उनका सफर लीग स्टेज में ही खत्म हो गया।

टूर्नामेंट के प्लेऑफ का पूरा शेड्यूल, मैचों के समय और वेन्यू पहले ही जारी हो गया है। अब चारों टीमें ट्रॉफी जीतने के लिए मैदान में जोरदार मुकाबला करती दिखेंगी।

जानें क्वालिफायर और एलिमिनेटर के बीच अंतर


प्लेऑफ मुकाबलों की बात करें तो पहला क्वालिफायर अंकतालिका में शीर्ष दो टीमों के बीच खेला जाएगा, जबकि एलिमिनेटर में तीसरे और चौथे नंबर की टीम आमने-सामने होगी। एलिमिनेटर हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी, जबकि क्वालिफायर-1 हारने वाली टीम को फाइनल में पहुंचने का एक और मौका मिलेगा। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि कौन सी टीम शानदार प्रदर्शन करते हुए आईपीएल 2026 की ट्रॉफी अपने नाम करेगी।

कब खेला जाएगा पहला क्वालिफायर

आईपीएल 2026 का पहला क्वालिफायर मुकाबला पॉइंट्स टेबल की टॉप-2 टीमों के बीच खेला जाएगा। मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना गुजरात टाइटंस से 26 मई को होगा। ये बड़ा मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा। दोनों टीमों ने लीग स्टेज में शानदार प्रदर्शन किया है, इसलिए फैंस को इस मैच में कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।

इस मुकाबले को जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी। वहीं हारने वाली टीम का सफर खत्म नहीं होगा और उसे क्वालिफायर-2 में फाइनल का टिकट पाने का एक और मौका मिलेगा।

किसके बीच होगा एलिमिनेटर मुकाबला

आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स आमने-सामने होंगी। ये मैच 27 मई, बुधवार को न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा। दोनों टीमों के लिए यह करो या मरो की टक्कर होगी, क्योंकि हारने वाली टीम का टूर्नामेंट में सफर यहीं खत्म हो जाएगा। मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम आगे क्वालिफायर-2 में पहुंचेगी।

एलिमिनेटर मुकाबले में जीत हासिल करने वाली टीम का सफर आगे जारी रहेगा। ये टीम क्वालिफायर-2 में पहुंचेगी, जहां उसका सामना क्वालिफायर-1 में हारने वाली टीम से होगा। इस मैच को जीतने वाली टीम आईपीएल 2026 के फाइनल में अपनी जगह पक्की करेगी और ट्रॉफी के लिए खिताबी मुकाबला खेलेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।