आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने अपने शानदार प्रदर्शन से करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों का दिल भी जीता है। महज 15 साल की उम्र में वैभव ने जिस तरह का खेल दिखाया, उससे वह भारतीय क्रिकेट के सबसे चर्चित युवा खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। वहीं ऑरेंज कैप और कई बड़े अवॉर्ड जीतने के बाद वैभव के लिए ब्रांड्स की दिलचस्पी तेजी से बढ़ी है। आईपीएल में बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद वैभव को कई सारे बड़े ब्रांड्स से ऑफर आ रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई बड़ी कंपनियां इस युवा खिलाड़ी के साथ जुड़ने की तैयारी में हैं।
वैभव के पास ब्रांड्स की लगी होड़
इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, कई बड़ी कंपनियां वैभव सूर्यवंशी के साथ विज्ञापन समझौते करने की तैयारी में हैं। बताया जा रहा है कि स्पोर्ट्स ड्रिंक, क्रिकेट इक्विपमेंट, न्यूट्रिशन प्रोडक्ट्स और परफॉर्मेंस फुटवियर से जुड़ी कंपनियां इस युवा बल्लेबाज को अपने ब्रांड से जोड़ने के लिए बातचीत कर रही हैं और एंडोर्समेंट डील हासिल करने में रुचि दिखा रही हैं। इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का मानना है कि कई ब्रांड वैभव सूर्यवंशी के साथ जल्द से जल्द जुड़ना चाहते हैं, क्योंकि उन्हें भविष्य का बड़ा क्रिकेट स्टार माना जा रहा है।
रिपोर्ट में बताया गया कि, "कई ब्रांड उन्हें सबसे पहले साइन करने की होड़ में हैं। उनके सामने लंबा क्रिकेट करियर है।" उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल विज्ञापन बाजार में ऐसे भारतीय क्रिकेटरों की संख्या कम है जो लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हों, इसलिए वैभव जैसे युवा खिलाड़ी ब्रांड्स के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वैभव सूर्यवंशी की बढ़ती लोकप्रियता के साथ उन्हें मिलने वाले विज्ञापन और ब्रांड ऑफर्स को भी सोच-समझकर संभाला जा रहा है। माना जा रहा है कि राजस्थान रॉयल्स की टीम उनके परिवार के साथ मिलकर ऐसे ब्रांड्स चुनने में मदद कर रही है जो उनकी उम्र और छवि के अनुरूप हों।
आईपीएल में वैभव का प्रदर्शन
आईपीएल 2026 में ऑरेंज कैप, मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर और सुपर स्ट्राइकर जैसे बड़े सम्मान हासिल करने के बावजूद वैभव अभी अपने करियर की शुरुआती सीढ़ियों पर हैं। ऐसे में क्रिकेट के साथ-साथ मैदान के बाहर भी उनके भविष्य को लेकर काफी उम्मीदें जताई जा रही हैं। वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में शानदार बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी का खिताब अपने नाम किया। उन्होंने 16 पारियों में 776 रन बनाए और पूरे सीजन में आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। उनके बल्ले से एक शतक और पांच अर्धशतक भी निकले, जिसके दम पर उन्होंने ऑरेंज कैप और मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का पुरस्कार जीता।