RCB vs GT Final: अगर बार‍िश से धुला IPL फाइनल तो कौन बनेगा चैंपियन? जानें क्या रिजर्व डे का नियम

IPL 2026: आईपीएल 2026 का फाइनल 31 मई को अहमदाबाद में आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें दूसरी बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेंगी। वहीं मुकाबले से पहले फैंस के मन में सवाल है कि अगर फाइनल मुकाबले में बारिश विलेन बनती है तो मुकाबले का नतीजा कैसे निकाला जाएगा

अपडेटेड May 30, 2026 पर 10:13 PM
Story continues below Advertisement
फैंस के मन में सवाल हैं कि अगर फाइनल के दौरान बारिश हुई तो मैच का क्या होगा

आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) खिताब के लिए आमने-सामने होंगे। बेंगलुरु ने क्वालिफायर-1 में जीत दर्ज कर सीधे फाइनल में अपनी जगह बनाई थी, वहीं गुजरात टाइटंस ने क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया। अब दोनों टीमें आईपीएल 2026 का खिताब जीतने और अपने नाम दूसरी ट्रॉफी करने के टारगेट के साथ मैदान में उतरेंगी। वहीं, अब फैंस के मन में सवाल हैं कि अगर फाइनल के दौरान बारिश हुई तो मैच का क्या होगा।

कट सकते हैं ओवर

अगर फाइनल मैच के दौरान बारिश होती है, तो आयोजकों की कोशिश रहेगी कि मुकाबला उसी दिन पूरा कराया जाए। जरूरत पड़ने पर मैच के ओवर कम किए जा सकते हैं और खेल को पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय भी रखा गया है। नियम के मुताबिक, नतीजा निकालने के लिए दोनों टीमों का कम से कम 5-5 ओवर खेलना जरूरी है। मौसम को देखते हुए अधिकारी समय और कार्यक्रम में बदलाव भी कर सकते हैं।


रिजर्व डे में रखा गया है मुकाबला

फाइनल मुकाबले के लिए रिजर्व डे भी रखा गया है। अगर खराब मौसम या लगातार बारिश के कारण 31 मई को मैच पूरा नहीं हो पाता, तो खेल को 1 जून तक आगे बढ़ाया जा सकता है। टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार, यदि मैच बीच में रुक जाता है और उसी दिन पूरा नहीं हो पाता, तो उसे रिजर्व डे पर वहीं से आगे खेला जा सकता है। अगर खराब मौसम के कारण फाइनल मैच तय दिन और रिजर्व डे दोनों पर पूरा नहीं हो पाता, तो मुकाबला रद्द माना जाएगा।

ऐसी स्थिति में विजेता का फैसला लीग चरण की पॉईंट्स टेबल के आधार पर किया जाएगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु लीग स्टेज में शीर्ष स्थान पर रही थी और गुजरात टाइटंस उससे नीचे थी, इसलिए मैच नहीं होने की स्थिति में आरसीबी को चैंपियन घोषित किया जा सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।