Robot Dog in IPL 2025 : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 सीजन में एक खास और अनोखा सदस्य शामिल हुआ है। ये सदस्य और कोई नहीं बल्कि एक रोबोट डॉग है। इस रोबोट को आईपीएल की लाइव स्ट्रीमिंग टीम का हिस्सा बनाया गया है। बता दें कि दिल्ली में हो रहे मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के मुकाबले में पहली बार ये रोबोट डॉग दिखाई दिया है। मैच से पहले टॉस के लिए इस रोबोट डॉग, सिक्का लेकर मैदान में आया।
IPL 2025 में आया ये गजब का रोबोट
बता दें कि इस मैच से पहले एक वीडियो में न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर और मशहूर कमेंटेटर डैनी मॉरिसन इस रोबोट डॉग का परिचय कराते नजर आते हैं। मॉरिसन की आवाज़ पर काम करने वाला यह रोबोट न केवल चल सकता है, बल्कि कैमरे की तरफ हाथ भी हिला सकता है। इसमें निगरानी और कैमरा कवरेज की मॉर्डन टेक्नोलॉजी भी मौजूद हैं। मॉरिसन ने हमेशा की तरह अपने मजेदार अंदाज़ में इस टेक्नोलॉजी से भरपूर रोबोट को पेश किया, जिससे फैंस में उत्साह और भी बढ़ गया। अब यह रोबोट इस पूरे आईपीएल सीजन में दर्शकों के लिए एक नया और दिलचस्प अनुभव लेकर आएगा।
वीडियो में कमेंटेटर डैनी मॉरिसन ने कहा, "हम चाहते हैं कि आप हमारे नए साथी को एक नाम दें।" उन्होंने दर्शकों को कमेंट सेक्शन में अपने नाम के सुझाव देने के लिए कहा। फैन्स ने भी इस पहल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पोस्ट पर कई मजेदार और अनोखे नामों की बौछार कर दी। वहीं वीडियो में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या, उनके साथी रीस टॉप्ली, और दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल भी नजर आए, जो रोबोट डॉग के मूवमेंट्स को देखकर हैरान और खुश दिखे। बता दें कि आईपीएल 2025 में एक ऐसी तकनीक पेश की गई है जो क्रिकेट के देखने के तरीके को पूरी तरह से बदल सकती है।