आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत काफी खराब रही है। चेन्नई आईपीएल में अब तक कुल 3 मुकाबले खेल चुकी है, टीम को सभी मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं चेन्नई का अगला मुकाबला 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स से है। वहीं इस मुकाबले में चेन्नई के पूर्व कप्तान एमएस धोनी वापसी करेंगे या नहीं, ये सबसे बड़ा सवाल है। वहीं रिपोर्ट के अनुसार, टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी का 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ घरेलू मैच में खेलना मुश्किल लग रहा है। इससे टीम की परेशानियां और बढ़ सकती हैं, क्योंकि धोनी का अनुभव और मौजूदगी टीम के लिए काफी अहम मानी जाती है।
रिपोर्ट के मुताबिक, एमएस धोनी इस समय अपने परिवार के साथ चेन्नई में हैं। Cricbuzz के अनुसार, चेन्नई के CEO काशी विश्वनाथन ने कहा, “धोनी अभी रिहैब कर रहे हैं और इसमें समय लगेगा। हम फिलहाल यह नहीं कह सकते कि वह कब तक पूरी तरह फिट होंगे। हमें उम्मीद है कि वह अगले मैच के लिए उपलब्ध हो सकते हैं, लेकिन यह उनकी रिकवरी पर निर्भर करेगा।” धोनी पिंडली में खिंचाव की वजह से रिहैब कर रहे हैं और पूरी तरह फिट होने में उन्हें कम से कम एक हफ्ता और लग सकता है।
चेन्नई के कब-कब हैं मुकाबले
चेन्नई सुपर किंग्स अगले हफ्ते चेपॉक में दिल्ली कैपिटल्स (11 अप्रैल) और कोलकाता नाइट राइडर्स (14 अप्रैल) के खिलाफ मुकाबले खेलने वाली है। लेकिन एमएस धोनी का पहले मैच में खेलना लगभग तय नहीं माना जा रहा है, जबकि दूसरे मैच में भी उनकी उपलब्धता को लेकर संशय बना हुआ है। टीम को अपने अनुभवी खिलाड़ी की कमी महसूस हो रही है, क्योंकि खराब शुरुआत के बाद वह वापसी की उम्मीद कर रही है। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अब तक इस सीजन में अपनी पहली जीत हासिल करने के लिए संघर्ष कर रही है।
इसी बीच 44 साल के एमएस धोनी ने टीम के साथ कुछ बाहर के मुकाबलों में ट्रैवल नहीं करने का फैसला लिया है, जिसमें गुवाहाटी और बेंगलुरु के मैच शामिल हैं।