IPL 2026 में चोटों से परेशान CSK की टीम, क्या मुंबई के खिलाफ वापसी करेंगे धोनी?

IPL 2026: आईपीएल 2026 चेन्नई सुपर किंग्स अब तक खेले 6 मैचों में सिर्फ 2 में ही जीत दर्ज कर पाई है। टीम के कई खिलाड़ी चोट की वजह से आईपीएल से बाहर हो गए हैं। वहीं चोट की वजह से धोनी भी अब तक मैदान पर नजर नहीं आए हैं। जानें कब हो सकती है धोनी की वापसी

अपडेटेड Apr 22, 2026 पर 2:58 PM
महेंद्र सिंह धोनी अब पिंडली की मांसपेशियों में आए खिंचाव से काफी हद तक उबर चुके हैं

आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। आईपीएल में खेले 6 मुकाबले में 2 में जीत और 4 में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं चेन्नई इस सीजन में अपने खिलाड़ियों की चोटों से भी परेशान है। टीम के युवा खिलाड़ी आयुष म्हात्रे चोट की वजह से मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से बाहर हो गए। CSK के बैटिंग कोच माइक हसी ने बताया कि आयुष का बाहर होना टीम के लिए बड़ा नुकसान है, क्योंकि वह हाल के मैचों में अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे थे।

लगातार खिलाड़ियों के चोटिल होने से टीम का संतुलन बिगड़ गया है। एमएस धोनी, नाथन एलिस, स्पेंसर जॉनसन , खलील अहमद और अब आयुष म्हात्रे चोट लगने की वजह से टीम से अभी बाहर है। वहीं अभी सबसे बड़ा सवाल है कि टीम के दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी कब वापसी करेंगे।

कब होगी धोनी की वापसी


महेंद्र सिंह धोनी अब पिंडली की मांसपेशियों में आए खिंचाव से काफी हद तक उबर चुके हैं और जल्द ही मैदान पर लौट सकते हैं। वह इन दिनों नेट्स में प्रैक्टिस कर रहे हैं। एक नेट में उन्होंने टीम के तेज गेंदबाज मैट हेनरी और जेमी ओवरटन की गेंदों का सामना किया और बिना किसी दिक्कत के अच्छे शॉट्स खेले। वहीं गुरुवार 23 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले मैच में वह खेलेंगे या नहीं, इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

टीम के पूर्व कप्तान खुद अपनी फिटनेस को देखते हुए इस बारे में निर्णय लेंगे। टीम महेंद्र सिंह धोनी को इम्पैक्ट सब के तौर पर इस्तेमाल कर सकती है, जिससे मिडिल ऑर्डर मजबूत होगा।

आयुष के बाहर होने से टीम को लगा झटका

आयुष म्हात्रे की चोट चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि टीम पहले ही इस सीजन में संघर्ष कर रही है। छह मैचों में सिर्फ दो जीत और चार हार के साथ टीम अंक तालिका में आठवें स्थान पर है। इस बीच, आयुष इस सीजन में टीम के सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं, जिन्होंने छह पारियों में 201 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 212.50 रहा है। वहीं कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ अभी तक अपनी लय हासिल नहीं कर पाए हैं और मिडिल ऑर्डर भी भरोसा नहीं जगा पा रहा है। ऐसे में आयुष की कमी टीम के लिए बड़ी परेशानी बन सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।