क्या आयरलैंड के खिलाफ टी20 टीम में डेब्यू करेंगे वैभव सूर्यवंशी? पूर्व सेलक्टर्स ने अजीत अगरकर से की ये अपील

आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम में शामिल करने की मांग उठने लगी है। पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने अजीत अगरकर से वैभव को मौका देने की अपील की है। वहीं आयरलैंड के खिलाफ होने वाले टी20 मुकाबले में वैभव को शामिल किया जा सकता है

अपडेटेड Jun 01, 2026 पर 8:09 PM
Story continues below Advertisement
पूर्व चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम में मौका देने की बात कही है

आईपीएल 2026 खत्म होने के बाद अब टीम इंडिया का फोकस इंटरनेशनल क्रिकेट पर होगा। भारतीय टीम सबसे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट मैच और फिर तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी। वहीं इसके बाद भारत की टी20 टीम आयरलैंड दौरे पर दो टी20 मुकाबले खेलने जाएगी। वहीं इस बार आईपीएल में राजस्थान के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने कमाल का प्रदर्शन किया है। इस बीच खबर है कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर और पूर्व चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम में मौका देने की बात कही है। उन्होंने मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर से वैभव के नाम पर विचार करने की अपील की है।

वैभव को लेकर क्या कहा

पूर्व चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने पीटीआई से कहा, "वैभव सूर्यवंशी सिर्फ एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी नहीं हैं, बल्कि वह पहले ही टी20 क्रिकेट के बेहतरीन खिलाड़ियों में अपनी जगह बना चुके हैं। मेरी राय में उन्हें तुरंत भारतीय टीम में मौका मिलना चाहिए। श्रीलंका में होने वाली इंडिया ए ट्राई-सीरीज के बाद आयरलैंड दौरे के लिए उनका चयन किया जाना चाहिए।" वैभव सूर्यवंशी को आगामी श्रीलंका दौरे के लिए भारत ए टीम में जगह मिली है। युवा बल्लेबाज के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए क्रिकेट एक्सपर्ट को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं।


भारतीय टीम में जगह बनाने का बेहतरीन मौका

पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद का मानना है कि वैभव में खास प्रतिभा है और वह आने वाले वर्षों में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि वैभव सूर्यवंशी के पास सीनियर भारतीय टीम में जगह बनाने का अच्छा मौका है। मेरा मानना है कि वह श्रीलंका में होने वाली इंडिया ए ट्राई-सीरीज़ में भी अच्छा प्रदर्शन करेगा। उसे ज्यादा समय तक रोकने का कोई कारण नहीं है। वह जल्द ही भारत के लिए खेलेगा और लंबे समय तक टीम का हिस्सा रहेगा।"

पहले इंडिया ए के लिए खेल

उन्होंने आगे कहा, "आमतौर पर खिलाड़ी पहले इंडिया ए के लिए खेलते हैं और फिर भारतीय टीम तक पहुंचते हैं, लेकिन दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों के बीच दबाव भरे आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करना राष्ट्रीय टीम में चयन का सबसे मजबूत रास्ता बन सकता है। मुझे लगता है कि चयनकर्ता भी इसी तरह सोच रहे होंगे। ये सिर्फ समय की बात है कि वैभव भारत के लिए खेलते हुए नजर आएंगे और लंबे समय तक टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।"

पहले टी20 में मिलना चाहिए मौका

उन्होंने कहा, "भारत की टीम को अभी भूल जाइए, मेरी नजर में वह पहले से ही दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक है। वह एक शानदार और चौंकाने वाला टैलेंट है। मुझे लगता है कि उसे सबसे पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मौका मिलना चाहिए। अगले कुछ वर्षों तक उस पर करीब से नजर रखी जानी चाहिए और फिर वह अपनी क्षमता के दम पर आगे बढ़ सकता है। उसे टी20 से शुरुआत करनी चाहिए, उसके बाद वनडे और फिर दूसरे फॉर्मेट में मौका मिलना चाहिए।"

 

वैभव का प्रदर्शन

आईपीएल 2026 में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। अपने पहले पूरे सीजन में उन्होंने सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप हासिल की और ऐसा करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने। वैभव ने 16 पारियों में 776 रन बनाए और कई बड़े बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।