'मैं वहां खिलाड़ी के तौर पर खेल चुका हूं' PSL में कोचिंग दे रहे विदेशी कोच ने की IPL की तारीफ

पाकिस्तान सुपर लीग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस्लामाबाद यूनाइटेड के असिस्टेंट कोच जैकब ओरम से रिली रोसो के आईपीएल को लेकर दिए बयान पर रिएक्शन मांगा गया। इस सवाल पर जैकब ओरम मुस्कुराते नजर आए

अपडेटेड Apr 13, 2026 पर 5:07 PM
Story continues below Advertisement
जैकब ओरम ने आईपीएल में कुल चार सीजन खेले हैं

पाकिस्तान में इस समय पाकिस्तान सुपर लीग खेला जा रहा तो वहीं भारत में भी इंडियन प्रीमियर लीग का रोमांच जारी है। अक्सर पीएसएल की तुलना आईपीएल से की जाती है। आए दिन पीएसएल से जुड़े खिलाड़ियों और कोच से आईपीएल से तुलना वाले सवाल पूछे जाते हैं। वहीं हाल ही में पाकिस्तान सुपर लीग के दौरान एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस्लामाबाद यूनाइटेड के असिस्टेंट कोच जैकब ओरम से रिली रोसो के उस बयान पर सवाल किया गया, जिसमें उन्होंने आईपीएल को फिल्म जैसा और आईपीएल और पीएसएल में खेलने के फर्क की बात की थी। इस सवाल पर जैकब ओरम मुस्कुराते नजर आए, उनका ये रिएक्शन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जैकब ओरम ने क्या कहा

मीडिया से बातचीत में जैकब ओरम ने मुस्कुराते हुए कहा, “देखिए, दोनों टूर्नामेंट काफी हद तक एक जैसे हैं, लेकिन फिर भी इनमें फर्क है। यह आईपीएल से लंबा चलता है, लेकिन मैंने आईपीएल में कोचिंग नहीं की है। मैं वहां खिलाड़ी के तौर पर खेल चुका हूं, वो भी काफी समय पहले। अब यह टूर्नामेंट और बड़ा हो गया है, लेकिन कोचिंग के तौर पर यह मेरा पीएसएल में पहला एक्सपीरिएंस है और मुझे यह काफी पसंद आ रहा है।”


आईपीएल में ओरम का प्रदर्शन

जैकब ओरम ने आईपीएल में कुल चार सीजन खेले हैं। ओरम ने 2007-08 और 2009 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेला, जबकि 2011 में राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा रहे। इसके बाद 2013 में वह मुंबई इंडियंस से जुड़े, जहां उन्होंने टीम के साथ खिताब भी जीता। अपने आईपीएल करियर के दौरान उन्होंने दो बार ट्रॉफी जीती, एक चेन्नई और एक मुंबई के साथ।

रिली रोसो ने क्या कहा था

प्रेस कॉन्फ्रेंस रिली रोसो ने कहा था, “दोनों लीग के अपने-अपने फायदे और नुकसान हैं। इंडियन प्रीमियर लीग काफी लंबा टूर्नामेंट है, जबकि पाकिस्तान सुपर लीग छोटा होता है, लेकिन यहां मुकाबला काफी कड़ा रहता है। जाहिर है, आईपीएल के पीछे पूरा बॉलीवुड जुड़ा हुआ है, इसलिए यह असली क्रिकेट से ज्यादा एक फिल्म जैसा महसूस होता है।”

रिली रोसो ने 2014 और 2015 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेला था, लेकिन इसके बाद लंबे समय तक नहीं दिखे। फिर 2023 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए वापसी की और 9 मैच खेले। 2024 में वह पंजाब किंग्स की टीम में शामिल हुए और 8 मैचों में नजर आए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।