आईपीएल 2026 की शुरुआत में अब तीन दिन रह गए हैं। आईपीएल में मुंबई इंडियंस अपने अभियान की शुरुआत 29 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम पर कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ करेगी। वहीं इस मैच से पहले मुंबई इंडियंस के स्टार खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह के फिटनेस को लेकर चल रही सभी शंकाएं अब खत्म हो गई हैं। बता दें कुछ दिनों पहले जसप्रीत बुमराह बेंगलुरु स्थित के 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' (CoE) पहुंचे थे, जिसके बाद फैंस के बीच उनकी फिटनेस को लेकर चिंता बढ़ गई है।
वहीं अब खबर आई है कि जसप्रीत बुमराह बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में किसी चोट की वजह से नहीं, बल्कि पहले से बने प्लान के तहत गए हैं। यह उनके वर्कलोड को संभालने के लिए किया गया है। अब मुंबई इंडियंस के पहले मैच से पहले उनकी फिटनेस को लेकर चिंता भी काफी कम हो गई है।
ईएसपीएन क्रिकइन्फो के मुताबिक, बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में जसप्रीत बुमराह के लिए खास स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग प्रोग्राम तैयार किया है। इसका उद्देश्य ये सुनिश्चित करना है कि वह जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली भारत की अहम व्हाइट-बॉल सीरीज, जिसमें पांच टी20 और तीन वनडे मैच शामिल हैं, के लिए पूरी तरह फिट रहें। मुंबई इंडियंस के फैंस के लिए अच्छी खबर ये है कि जसप्रीत बुमराह बेंगलुरु में लगातार गेंदबाजी प्रैक्टिस कर रहे हैं और उनकी ट्रेनिंग बिना रुकावट जारी है।
जल्द ही मुंबई से जुड़ेगे बुमराह
रिपोर्ट के अनुसार, वह जल्द ही हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस की टीम से जुड़ सकते हैं और 29 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ होने वाले मुंबई के पहले घरेलू मैच में खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। बीसीसीआई की मेडिकल टीम की ये सावधानी इसलिए बरती जा रही है क्योंकि पिछले कुछ समय में जसप्रीत बुमराह का मैच शेड्यूल काफी व्यस्त रहा है। इसी महीने हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उन्होंने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी और 14 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल रहे थे।
वर्ल्ड कप के फाइनल में नजर आए थे बुमराह
जसप्रीत बुमराह ने आखिरी बार 2026 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में खेला था, जहां उन्होंने अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ चार विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता था। हालांकि, इसके बाद वह किसी भी जश्न या दिल्ली में हुए बीसीसीआई के वार्षिक अवॉर्ड समारोह में नजर नहीं आए। मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने ने पहले ही कहा था कि बुमराह और बाकी टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले खिलाड़ियों को लंबा आराम दिया जाएगा।