इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की शुरुआत 28 मार्च से शुरु हो रही है। आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स का पहला मुकाबला 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेला जाएगा। वहीं इस मुकाबले से पहले केकेआर ने हर्षित राणा के रिप्लेसमेंट प्लेयर के नाम का ऐलान कर दिया है। केकेआर ने इंजर्ड हर्षित राणा की जगह भारतीय तेज गेंदबाज नवदीप सैनी को आईपीएल 2026 के लिए अपनी टीम में शामिल किया है।
हर्षित को फरवरी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के एक वार्म-अप मैच के दौरान चोट लग गई थी। बता दें कि उन्हें केकेआर ने आईपीएल 2025 से पहले 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया था, लेकिन अब उनकी जगह सैनी को मौका दिया गया है।
सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
आईपीएल ने एक बयान में कहा, “दाएं हाथ के तेज गेंदबाज नवदीप सैनी ने अब तक 32 आईपीएल मैचों में 23 विकेट लिए हैं। इसके अलावा उन्होंने भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी 23 विकेट हासिल किए हैं। वह चोटिल हर्षित की जगह टीम में शामिल होंगे और 75 लाख रुपये में केकेआर से जुड़ेंगे।”
केकेआर-जीटी की टीम ने किया बदलाव
आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने नवदीप सैनी को रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर अपनी टीम में शामिल किया है। वह इस सीजन में टीम के दूसरे ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें इस तरह मौका मिला है। इससे पहले केकेआर ने आकाश दीप की जगह सौरभ दुबे को शामिल किया था। वहीं, कुलवंत खेजरोलिया को भी गुजरात टाइटंस ने चोटिल पृथ्वीराज यारा की जगह टीम में शामिल किया है।
कुलवंत आईपीएल में इन टीम से खेल चुके हैं
आईपीएल ने अपने बयान में कहा, “कुलवंत खेजरोलिया गुजरात टाइटंस में चोटिल पृथ्वीराज यारा की जगह लेंगे। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खेजरोलिया के नाम आईपीएल में 6 विकेट दर्ज हैं और वह पहले गुजरात टाइटंस, कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेल चुके हैं। वह 30 लाख रुपये में जीटी टीम से जुड़ेंगे।”
33 वर्षीय नवदीप सैनी ने अब तक टीम इंडिया के लिए 2 टेस्ट, 8 वनडे और 11 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। वह 2023 में आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा थे। आईपीएल में उन्होंने राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए कुल 32 मैचों में 23 विकेट अपने नाम किए हैं।