आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या और उनके भाई हार्दिक पांड्या के बीच अनबन की अफवाहें लंबे समय से चल रही थी। वहीं इस पर अब क्रुणाल पांड्या ने अपना रिएक्शन दिया है। क्रुणाल पांड्या ने सोशल मीडिया पर चल रही अपने भाई हार्दिक पांड्या के साथ अनबन की खबरों को साफ तौर पर खारिज कर दिया। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस और आरसीबी के बीच मुकाबले के समय दोनों भाई आमने-सामने आए। मैच के बाद हार्दिक-क्रुणाल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। इस क्लिप के बाद लोगों ने दोनों के बीच अनबन की अफवाहें शुरू कर दी थीं। अब इस पर क्रुणाल ने साफ कहा कि ऐसी बातों में कोई सच्चाई नहीं है।
RCB इनसाइडर पॉडकास्ट में होस्ट दानिश सैत (मिस्टर नैग्स) से बातचीत में क्रुणाल पांड्या से जब हार्दिक के साथ उनके रिश्ते के बारे में पुछा गया तो क्रुणाल ने हंसते हुए साफ किया कि उनके और हार्दिक पांड्या के बीच सब कुछ बिल्कुल ठीक है। जब होस्ट दानिश सैत ने मजाक में दोनों भाइयों के रिश्ते की तुलना केन और द अंडरटेकर से की, तब भी क्रुणाल ने हंसी-मजाक में ही जवाब देते हुए साफ कहा कि उनके बीच किसी तरह की कोई अनबन या मनमुटाव नहीं है।
मुकुल के साथ विवाद पर क्या कहा
क्रुणाल पांड्या ने लखनऊ सुपर जायंट्स के युवा खिलाड़ी मुकुल चौधरी से जुड़े वायरल विवाद पर भी अपनी बात रखी। एक मैच के दौरान क्रुणाल और इस युवा बल्लेबाज के बीच हल्की-फुल्की बातचीत हुई थी, जिसे कुछ लोगों ने आक्रामक स्लेजिंग समझ लिया। क्रुणाल पांड्या ने साफ किया कि ये एक फ्रेंडली बातचीत थी। उन्होंने मुकुल चौधरी से कहा, "मुकुल, तुम एक युवा लड़के हो, तुम लॉन्ग-ऑन या लॉन्ग-ऑफ के ऊपर से छक्के मार सकते हो, मुझे वहीं मारो।" उन्होंने कहा कि उनके इंटेंस लुक और हेयरस्टाइल की वजह से लोग अक्सर समझ लेते हैं कि वह गुस्से में हैं, जबकि असल में वह सिर्फ मजाक कर रहे होते हैं।
आईपीएल में क्रुणाल कर रहे बेहतरीन प्रदर्शन
क्रुणाल पांड्या ने आईपीएल 2026 के इस सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने अपने टी20 खेल में सुधार किया है, खासकर अपनी लेफ्ट आर्म स्पिन में एक नया बाउंसर जोड़कर सभी को चौंकाया है। टीम की अच्छी शुरुआत के बीच क्रुणाल अब भी भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम में वापसी पर ध्यान लगाए हुए हैं। आरसीबी का अगला मुकाबला 24 फरवरी को गुजरात टाइटंस से होगा।