SRH vs CSK: आईपीएल 2026 के बीच एक नया विवाद चर्चा में आ गया है, लेकिन इस बार ये मामला थोड़ा अलग है। आईपीएल 2026 में 19 अप्रैल को राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम पर खेला गया सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स के मैच के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इस मैच में स्टैंड्स में बैठा एक "नींबू वाला टोटका" करते हुए नजर आता है। उसी समय मैदान पर साकिब हुसैन की गेंद पर शिवम दुबे आउट हो गए, जिसके बाद यह मुद्दा चर्चा में आ गया। वहीं इस पर अब ललित मोदी ने एक सनसनीखेज खुलासा किया है।
वहीं इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक लेटर भी तेजी से वायरल होने लगा। जिसमें कहा गया कि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने एक फैन के ‘टोटके’ की शिकायत BCCI से की है। शुरुआत में इस मामले पर प्रतिक्रिया देने के बाद ललित मोदी ने बाद में साफ किया कि यह लेटर पूरी तरह फर्जी है और इसमें किए गए ‘काला जादू’ के आरोप सही नहीं हैं।
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने खुलासा किया कि 'कुछ' फ्रेंचाइजी ने पहले भी मैच जीतने के लिए 'काला जादू' किया है। ललित मोदी ने सोमवार को अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, “इस बार यह फेक लग रहा है। लेकिन एक टीम मालिक ने इस तरह की प्रैक्टिस की थी।” अब तक आईपीएल के अधिकारियों या किसी भी टीम ने उस कथित लेटर या ‘काला जादू’ से जुड़े दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
ललित मोदी ने आगे कहा, “मुझे याद है कि मैंने कुछ टीम मालिकों को विरोधी टीम के साथ ऐसा करते हुए देखा था। यहां तक कि विरोधी टीम के ड्रेसिंग रूम में भी इस तरह की हरकत की गई थी। 2011 सीजन में भी मुझे इस बारे में पक्की जानकारी मिली थी, जिसके बाद मैंने अन्य टीम मालिकों को सतर्क किया था। मैं इस तरह की सभी घटनाओं का खुलासा भविष्य में किसी फिल्म या टीवी सीरीज के जरिए करूंगा, जैसा मेरी टीम तय करेगी।”
चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए मैच में हैदराबाद ने चेन्नई को 10 रन से हराया। 195 रन के टारगेटा का पीछा करते हुए चेन्नई पावरप्ले में 76 रन तक पहुंच गई थी, लेकिन इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों ने शानदार वापसी की। लगातार विकेट गिरने से चेन्नई की पारी लड़खड़ा गई और अंत में कड़े मुकाबले के बावजूद हैदराबाद ने 10 रन से जीत हासिल कर ली।
सनराइजर्स हैदराबाद अब 21 अप्रैल को अपने घरेलू मैदान पर दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स गुरुवार 23 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाले बड़े मुकाबले की तैयारी कर रही है।