'सिर्फ रन ही नहीं, असर भी छोड़ा...' IPL 2026 के स्टार वैभव सूर्यवंशी पर सचिन तेंदुलकर का बड़ा बयान

आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने जमकर तारीफ की है। सचिन ने कहा कि वैभव का प्रभाव सिर्फ रन बनाने तक सीमित नहीं था, बल्कि विरोधी टीमें भी उनके खिलाफ खास रणनीति बनाने को मजबूर थीं

अपडेटेड Jun 02, 2026 पर 10:15 PM
सचिन ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी का असर सिर्फ रन बनाने तक सीमित नहीं था

आईपीएल 2026 खत्म होने के बाद भी राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की चर्चा खत्म नहीं हो रही है। वैभव ने इस आईपीएल में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम में शामिल करने की मांग भी तेज हो गई है। इस बीच भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है। सचिन ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी का असर सिर्फ रन बनाने तक सीमित नहीं था। उनकी शानदार बल्लेबाजी की वजह से विरोधी टीमों को उनके लिए अलग से योजना बनानी पड़ती थी।

सचिन के अनुसार, बड़े और दबाव वाले नॉकआउट मैचों में भी वैभव ने बिना डर के बल्लेबाजी की और अपना आक्रामक खेल जारी रखा। यही बात उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास को खास बनाती है।

सचिन ने क्या कहा


सचिन तेंदुलकर ने कहा, "वैभव सूर्यवंशी का प्रभाव सिर्फ उनके बनाए रनों तक सीमित नहीं था। विरोधी टीमें लगातार उनके लिए रणनीति बना रही थीं और फैंस भी उनके बल्लेबाजी करने का बेसब्री से इंतजार करते थे। एलिमिनेटर और क्वालिफायर जैसे बड़े मुकाबलों में भी उन्होंने तेज गति से रन बनाए, जिससे साफ होता है कि दबाव बढ़ने के बावजूद उनके खेलने का अंदाज नहीं बदला। सबसे अहम बात यह थी कि जब भी वैभव बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरते थे, तो उनकी मौजूदगी से राजस्थान रॉयल्स का आत्मविश्वास और मजबूत हो जाता था।"

आईपीएल 2026 में वैभव का प्रदर्शन

आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान रॉयल्स के लिए पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन किया। युवा सलामी बल्लेबाज ने टीम के लिए सभी 16 मैच खेले और 776 रन बनाकर टूर्नामेंट के सबसे सफल बल्लेबाज बने। उन्होंने तेज़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 237.30 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए और पूरे सीजन में 72 छक्के लगाए। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (एमवीपी) और ऑरेंज कैप जैसे कई अवॉर्ड मिले।

आरसीबी के कप्तान ने भी की तारीफ

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने भी वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि युवा बल्लेबाज ने आईपीएल 2026 में दुनिया के कई बेहतरीन गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ बल्लेबाजी की और उन पर दबाव बनाया। रजत के मुताबिक, कम उम्र के बावजूद वैभव ने जिस आत्मविश्वास और आक्रामकता के साथ खेल दिखाया, वह बेहद प्रभावशाली रहा और पूरे सीजन में उन्होंने बड़े-बड़े गेंदबाजों को चुनौती दी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।