Rishabh Pant : लखनऊ का इकाना स्टेडियम, 30 से 40 हजार की भीड़ और चारों तरफ बस फैंस का शोर...उस शोर के बीच बल्लेबाजी करने आए LSG के कप्तान ऋषभ पंत। लखनऊ की टीम के साथ फैंस को भी उम्मीद थी कि आईपीएल के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी की एक धुंआधार पारी उन्हें देखने को मिलेगी। पर फैंस और लखनऊ की टीम का ये सपना जल्द ही टूट जाता है।चार नंबर पर बल्लेबाजी करने आए लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत, पंजाब किंग्स के खिलाफ महज 2 रन बना बनाकर आउट हो जाते हैं।
अपने होमग्राउंड पर खेल रही लखनऊ की टीम को पंत से एक बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन पंत केवल 2 रन बनाकर मैक्सवेल का शिकार बने। वो ऐसे समय पर अपना विकेट गंवाकर गए जब लखनऊ पावरप्ले में ही दो विकेट गंवा चुकी थी।
बता दें कि मंगलवार को खेले गए आईपीएल के 13वें मुकाबले में लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 171/7 का स्कोर बनाया। निकोलस पूरन (44) और आयुष बदोनी (41) ने अच्छी पारियां खेलीं। जवाब में, पंजाब किंग्स ने 16वें ओवर में ही टारगेट चेज कर लिया। श्रेयस अय्यर की टीम ने 22 गेंद बाकी रहते और 8 विकेट शेष रहते 172 रन बना लिए। प्रभसिमरन सिंह (69) और कप्तान अय्यर (52) के अर्धशतकों की बदौलत पंजाब ने आईपीएल में अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
इस मैच के बाद गोयनका ग्राउंड पर आए और ऋषभ पंत से बात की। शायद समझने की कोशिश कर रहे हो कि इस बार कहां कमी रह गई।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 वर्षीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में 27 करोड़ रुपये में खरीदा था, ताकि टीम को नए कप्तान के साथ एक नई शुरुआत मिल सके। लेकिन अब तक पंत बल्ले से कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। अगर अब तक के मुकाबलों को देखा जाए तो लखनऊ के लिए बनाए गए पंत का एक-एक रन करीब दो करोड़ का है।
पंत की पारी का अबतक इंतजार
आईपीएल 2025 के अपने पहले मैच में, पंत ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ छह गेंदें खेलीं लेकिन खाता नहीं खोल सके। एलएसजी ने 209/8 का बड़ा स्कोर बनाया, लेकिन डीसी ने रोमांचक मुकाबले में 3 गेंद और 1 विकेट शेष रहते जीत हासिल कर ली। अपने दूसरे मैच में, लखनऊ ने राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत दर्ज की। लेकिन इस मैंच में भी पंत का बल्ला खामोश रहा।आईपीएल 2025 में अब तक अपनी के लिए ऋषभ पंत ने तीन पारियां खेली हैं और कुल 17 रन बनाए हैं : 0 (6), 15 (15), 2 (5)।
लखनऊ सुपर जायंट्स तब से ट्रोल और मीमर्स के निशाने पर है, जब से टीम के ओनर संजीव गोयनका का पिछले आईपीएल में अपने ही कप्तान केएल राहुल के साथ बहस करते हुए एक वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद एलएसजी ने तीन साल साथ रहने के बाद केएल राहुल को टीम से बाहर कर दिया और उनकी जगह ऋषभ पंत को 27 करोड़ रुपये में खरीदा। बाद में आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने राहुल को 14 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया।
राहुल ने एक बातचीत में बताया कि गोयनका के साथ सार्वजनिक विवाद ने सिर्फ उन्हें ही नहीं, बल्कि पूरे लखनऊ कैंप को प्रभावित किया था। राहुल ने स्टार स्पोर्ट्स को दिए इंटरव्यू में कहा, "मैच के बाद जो हुआ, वह सही नहीं था और ऐसा कोई भी क्रिकेट के मैदान पर नहीं देखना चाहेगा। मुझे लगता है कि इसका असर पूरे टीम ग्रुप पर पड़ा।"