IPL 2026: 'अंपायर्स के पैसे काटो...' स्लो ओवर रेट पर लगाम के लिए MCC प्रमुख ने दी ये सलाह

IPL 2026: मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) के क्रिकेट प्रमुख फ्रेजर स्टीवर्ट ने एक कार्यक्रम के दौरान आईपीएल में हो रही स्लो ओवर रेट पर चिंता जताई। फ्रेजर स्टीवर्ट वानखेड़े स्टेडियम में 12 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए मुकाबले में स्टेडियम में मौजूद थे। ये मुकाबला करीब 4 घंटे 22 मिनट तक चला था

अपडेटेड Apr 15, 2026 पर 4:07 PM
Story continues below Advertisement
फ्रेजर स्टीवर्ट वानखेड़े स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए मुकाबले में स्टेडियम में मौजूद थे

आईपीएल में इस समय क्रिकेट में स्लो ओवर रेट अब एक बड़ी परेशानी बनती जा रही है। आईपीएल में कई कप्तानों को स्लो ओवर रेट के लिए जुर्माना लगाया जा चुका है। वहीं मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) के क्रिकेट प्रमुख फ्रेजर स्टीवर्ट ने एक कार्यक्रम के दौरान खेल में हो रही देरी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मैच का समय बढ़ना एक गंभीर मुद्दा बनता जा रहा है और इसे सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। इस समस्या को दूर करने के लिए उन्होंने कुछ बड़े सुझाव भी दिए।

फ्रेजर स्टीवर्ट के मुताबिक, आईपीएल में स्लो ओवर रेट के लिए खिलाड़ियों की बजाय अंपायरों पर पेनल्टी लगनी चाहिए, क्योंकि ब्रेक कब होगा यह वही तय करते हैं। आइए जानते हैं स्टीवर्ट ने क्या कहा

फ्रेजर स्टीवर्ट ने क्या कहा


फ्रेजर स्टीवर्ट वानखेड़े स्टेडियम में 12 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए मुकाबले में स्टेडियम में मौजूद थे। ये मुकाबला करीब 4 घंटे 22 मिनट तक चला था। फ्रेजर स्टीवर्ट ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन से बातचीत में कहा, “अंपायर ही खेल की गति को धीमा होने दे रहे थे। मेरा मानना है कि मैच को लगातार चलाते रहना अंपायर की जिम्मेदारी होती है, लेकिन जब हर ब्रेक करोड़ों दर्शकों के लिए विज्ञापन का मौका बन जाता है, तो इसकी वजह समझी जा सकती है।”

स्लो ओवर रेट बड़ी समस्या

फ्रेजर स्टीवर्ट ने कहा, “यह वाकई एक बड़ी समस्या है। हम मैच देखने गए थे, लेकिन सबसे ज्यादा हैरानी हमें खेल की धीमी रफ्तार देखकर हुई, जहां बार-बार रुकावटें आ रही थीं। ‘द हंड्रेड’ में जब विकेट गिरता है, तो 60 सेकंड की घड़ी शुरू हो जाती है।” उन्होंने आगे कहा, “अगला बल्लेबाज तुरंत तैयार रहना चाहिए, नहीं तो टीम को पांच रन की पेनल्टी मिलती है। मुझे पता है कि यहां गर्मी ज्यादा होती है और खिलाड़ियों को ड्रिंक्स की जरूरत पड़ती है, लेकिन हर समय इतने लोग पिच पर आ-जा रहे थे, जिससे खेल की गति प्रभावित हो रही थी।”

अभी खिलाड़ियों पर लगता है जुर्माना

अगर अंपायरों पर जुर्माना लगाने का नियम लागू होता है, तो यह क्रिकेट में एक बड़ा बदलाव माना जाएगा। अभी तक जब टीमें तय समय में अपने ओवर पूरे नहीं कर पातीं, तो कप्तानों को इसकी सजा भुगतनी पड़ती है, जैसे फाइन, फील्डिंग पर पाबंदी और अतिरिक्त रन देना। लेकिन अगर टाइम मैनेजमेंट की जिम्मेदारी अंपायरों पर ज्यादा दी जाती है, तो इससे मैच की रफ्तार सुधर सकती है और खेल और भी बेहतर तरीके से आगे बढ़ सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।