मुंबई इंडियंस का आईपीएल 2026 काफी निराशाजनक रहा है। मुंबई इंडियंस आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है। टीम का अगला मुकाबला 14 मई को पंजाब किंग्स से है। पंजाब और मुंबई के बीच ये मुकाबला धर्मशाला के HPCA क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबले के लिए मुंबई की टीम धर्मशाला पहुंच गई है। वहीं हार्दिक मुंबई इंडियंस के बाकी खिलाड़ियों के साथ धर्मशाला नहीं पहुंचे, जिसके बाद से उनकी फिटनेस को लेकर चर्चाएं और बढ़ गई थीं। वहीं इसी बीच हार्दिक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रैक्टिस सेशन का एक वीडियो शेयर किया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस ने 11 मैचों में सिर्फ 6 अंक ही हासिल कर पाई है।
हार्दिक ने शेयर किया वीडियो
हार्दिक पांड्या ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर कुछ वीडियो शेयर किए, जिनमें वह नेट्स में बल्लेबाजी करते नजर आए। हार्दिक पांड्या देर रात नेट्स में अभ्यास करते और बड़े शॉट लगाते दिखाई दे रहे हैं। इन वीडियो को देखकर लग रहा है कि उनकी फिटनेस अब बेहतर हो रही है और वह जल्द ही मैदान पर वापसी कर सकते हैं। हार्दिक पांड्या 2 मई को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए बड़े मुकाबले में मुंबई इंडियंस की हार के बाद से मैदान से बाहर चल रहे हैं। पीठ में ऐंठन की समस्या के कारण वह टीम के पिछले दो मैचों में नहीं खेल पाए।
पंजाब के खिलाफ खेलेंगे हार्दिक?
हार्दिक पांड्या ने अपने ट्रेनिंग सेशन से साफ कर दिया है कि वह अब फिट हैं और टीम के लिए खेलने को तैयार हैं। उन्हें रिलायंस की ट्रेनिंग फैसिलिटी में जमकर अभ्यास करते देखा गया, जहां उन्होंने बल्लेबाजी में कई अच्छे शॉट लगाए। अभ्यास के दौरान हार्दिक पूरे आत्मविश्वास में नजर आए और उन्हें किसी तरह की दिक्कत भी नहीं हुई।
महेला जयवर्धने ने आरसीबी के खिलाफ हार के बाद हार्दिक पांड्या की फिटनेस पर जानकारी दी। मुंबई इंडियंस के कोच ने बताया कि हार्दिक की पीठ में दिक्कत है और टीम की मेडिकल स्टाफ लगातार उनकी रिकवरी पर काम कर रही है। “हां। हार्दिक को पीठ की दिक्कत थी, जिसे हम ठीक करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वह अभी तक पूरी तरह ठीक नहीं हुई है। इसलिए मेडिकल टीम लगातार उस पर काम कर रही थी। वह पिछले कुछ दिनों से ट्रेनिंग भी नहीं कर सका, इसलिए हम बिना पूरी जानकारी के कोई रिस्क नहीं लेना चाहते थे। अब हम रोज़ उनकी स्थिति पर नजर रख रहे हैं और देखेंगे कि उन्हें कैसा महसूस होता है।”