Credit Cards

MI vs KKR Highlights: घर पर मुंबई को मिली पहली जीत, अपने डेब्यू मैच में छाए अश्विनी कुमार, कोलकाता को आठ विकेट से दी शिकस्त

MI vs KKR Highlights: आईपीएल 2025 का 12वां मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच खेला गया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में मुंबई ने कोलकाता को 8 विकेट से हराया। इस जीत के साथ ही आईपीएल 2025 में मुंबई ने अपनी जीत का खाता खोला है। वहीं कोलकाता को आईपीएल 2025 में तीन मैचों में दो हार का सामना करना पड़ा है

अपडेटेड Mar 31, 2025 पर 11:14 PM
Story continues below Advertisement
MI vs KKR: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में मुंबई ने कोलकाता को 8 विकेट से हराया

MI vs KKR Highlights: मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच आईपीएल 2025 का 12वां मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। टॉस हारकर पहले बैटिंग करने का फैसला केकेआर के लिए अच्छा साबित नहीं हुआ। कोलकाता की टीम मुंबई के गेंदबाजों के सामने महज 116 रनों पर सिमट गई। वहीं मुंबई ने इस टारगेट को 13 ओवर में ही आसानी से चेज कर लिया।

इस जीत के साथ ही आईपीएल 2025 में मुंबई ने अपनी जीत का खाता खोला है। वहीं कोलकाता को आईपीएल 2025 में तीन मैचों में दो हार का सामना करना पड़ा है। मुंबई की ओर से डेब्यू कर रहे अश्विनी कुमार ने आज 3 ओवर में 4 विकेट चटकाए। वे डेब्यू IPL मैच में 4 विकेट लेने वाले पहले भारतीय बने।

अश्विनी कुमार ने झटके 4 विकेट


बता दें कि मुंबई की ओर से गेंदबाजी में अश्विनी कुमार ने 4 शिकार किए। अश्विनी ने आंद्रे रसेल (5 रन), मनीष पांडे (19 रन), रिंकू सिंह (17 रन) और कप्तान अजिंक्य रहाणे (11 रन) को पवेलियन भेजा। वहीं दीपक चाहर को दो तो, बोल्ट, हार्दिक, विग्नेश और सेंटनर ने 1-1 विकेट चटकाए। कोलकाता के लिए अंगकृष रघुवंशी ने सबसे अधिक 26 रनों की पारी खेली। कोलकाता की बैटिंग का हाल ऐसा रहा कि उसके 5 बल्लेबाज सिंगल डिजीट पर आउट हुए।

कोलकाता की खराब शुरुआत

टॉस हारकर बैटिंग कर रही कोलकाता की शुरुआत खराब रही है। टीम ने शुरुआती 6 ओवर में 4 विकेट गंवा दिए और महज 41 रन बनाए। वेंकटेश अय्यर 3, अजिंक्य रहाणे 11, क्विंटन डी कॉक एक रन और सुनील नरेन खाता खोले बगैर आउट हुए। 7वें ओवर में कोलकाता ने 5वां विकेट गंवाया। यहां हार्दिक पंड्या ने अंगकृष रघुवंशी को नमन धीर के हाथों कैच कराया। 11वां ओवर डाल रहे अश्विनी कुमार ने ओवर में दो विकेट लिए। उन्होंने ओवर की तीसरी बॉल पर रिंकू सिंह को नमन धीर के हाथों कैच कराया। फिर मनीष पांडे को बोल्ड कर दिया।

मुंबई ने आसानी से जीता मैच

वहीं इस स्कोर का पीछा करते हुए मुंबई का पहला झटका 46 के स्कोर पर लगा। रोहित शर्मा ने फिर निराश किया और महज 13 रन बनाकर आउट हो गए। बता दें कि मुंबई ने रोहित शर्मा को इम्पैक्ट प्लेयर बनाया था, वे विग्नेश पुथुर की जगह मैदान पर आए। जीत के करीब पहुंचकर मुंबई को दूसरा झटका विल जैक्स के रूप में लगा। विल जैक्स को आंद्रे रसेल ने वापस पवेलियन भेजा। विल का कैच रहाणे ने लिया। विल 17 गेंदों पर 16 रन बनाकर आउट हुए।

वहीं मुंबई की ओर से रॉयन रिकेल्टन ने 33 गेंदों पर अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। 50 रन का आंकड़ा पार करने के लिए उन्होंने सुनील नरेन को शानदार छक्का लगाया। रायन रिकेलटन 62 और सूर्यकुमार यादव 27 रन बनाकर नाबाद लौटे। रोहित शर्मा ने 13 और विल जैक्स ने 16 रन बनाए। दोनों को आंद्रे रसेल ने आउट किया।

MI vs KKR Highlights Score IPL 2025: मुंबई इंडियंस को मिली सीजन की पहली जीत, केकेआर को 8 विकेट से दी मात

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।