MI vs LSG Pitch Report: आईपीएल 2026 में अब सभी 10 टीमों के बीच प्लेऑफ में अपनी जगह बनाने की दौड़ शुरू हो गई है। सभी टीमें प्लेऑफ में अपनी जगह मजबूत करने के इरादे से उतरेंगी। वहीं आईपीएल 2026 का 47वां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच 4 मई को शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा। दोनों टीमें मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में एक-दूसरे के आमने-सामने होंगी। दोनों टीमें अपना पिछला मुकाबला हारकर यहां आई हैं। लखनऊ और मुंबई के लिए ये मुकाबला काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि प्लेऑफ की उम्मीदें बनाए रखने के लिए जीत बेहद जरूरी है।
मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स दोनों ही इस समय खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। दोनों टीमों ने अब तक सिर्फ 2-2 मैच जीते हैं और पॉइंट्स टेबल में नीचे के स्थानों पर मौजूद हैं। मुंबई इंडियंस के लिए हालात काफी मुश्किल हैं। टीम 7 मैच हार चुकी है और अगर एक और मैच हारती है तो प्लेऑफ में पहुंचना बहुत कठिन हो जाएगा। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स को भी प्लेऑफ की उम्मीद बनाए रखने के लिए अपने बाकी सभी मैच जीतने होंगे, नहीं तो उन्हें दूसरे मैचों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा।
मैच से पहले जानें LSG या MI में से कौन किस पर भारी पड़ सकता है, दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11 और पिच रिपोर्ट के साथ-साथ मौसम का हाल भी।
दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच आईपीएल में अब तक 8 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें लखनऊ ने 6 मैच जीते हैं, जबकि मुंबई को सिर्फ 2 मैचों में जीत मिली है। दोनों टीमों के बीच अब तक कोई मैच बेनतीजा नहीं रहा है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11
मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग 11
विल जैक्स, रयान रिकल्टन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, नमन धीर, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), रॉबिन मिंज, कृष भगत, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, एएम ग़ज़नफ़र
इम्पैक्ट प्लेयर: रघु शर्मा
लखनऊ सुपर जायंट्स की संभावित प्लेइंग 11
मिशेल मार्श, आयुष बडोनी, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), एडेन मार्करम, निकोलस पूरन, मुकुल चौधरी, प्रिंस यादव, जॉर्ज लिंडे, दिग्वेश सिंह राठी, मोहसिन खान, मोहम्मद शमी
इम्पैक्ट प्लेयर: मणिमारन सिद्धार्थ
मुंबई की पिच पर किसे मिलेगा फायदा
वानखेड़े स्टेडियम की पिच पिछले कुछ सालों से बल्लेबाजों के लिए काफी मददगार रही है। यहां खासकर पहली पारी में रन बनाना आसान माना जाता है। हालांकि मैच आगे बढ़ने के साथ पिच संतुलित बनी रहती है। तेज गेंदबाजों को अच्छी बाउंस और कैरी मिलती है, जबकि स्पिनर्स को भी टर्न से मदद मिलती है। ऐसे में मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच सोमवार का मुकाबला काफी रोमांचक होने की उम्मीद है।
मुंबई में मैच के दौरान मौसम गर्म और उमस भरा रहने की उम्मीद है। शाम के समय तापमान करीब 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है और हवा में नमी भी ज्यादा रहेगी। बारिश की फिलहाल कोई संभावना नहीं है, इसलिए फैंस को बिना रुकावट पूरा मैच देखने को मिल सकता है।