MI vs RCB Pitch Report: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का कारवां अब तीसरे हफ्ते में आ गया है। आईपीएल के इस सीजन में अब तक कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले हैं। वहीं आईपीएल 2026 का 20वां मुकाबला 12 अप्रैल को मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच होगा। मुंबई और बेंगलुरु के बीच ये मैच शाम 7.30 बजे मुंबई के होम ग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। लगातार दो मैच हारने के बाद MI इस मैच को जीतने की पूरी कोशिश करेगी। वहीं शुरुआती दो मुकाबले जीतने के बाद आरसीबी को पिछले मुकाबले में हार मिली थी। आरसीबी इस मैच में जीत के इरादे से मैदान में उतरेगी। इस मुकाबले में विराट कोहली और रोहित शर्मा एक दूसरे के आमने-सामने होंगे।
आइए मैच से पहले जानते हैं RCB या MI में से कौन किस पर भारी पड़ सकता है, दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11 और पिच रिपोर्ट के साथ-साथ मौसम का हाल भी।
दोनों टीमों का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
सबसे पहले जान लेते हैं कि RCB और MI के बीच कितनी बार भिड़ंत हुई और कौन कितनी बार बाजी मार चुका है। आंकड़ों पर नजर डालें, तो बेंगलुरु और मुंबई के बीच 34 मैच खेले जा चुके हैं, वहीं जीत हार के आंकड़े को देखें तो मुंबई की टीम काफी आगे नजर आती है। 34 मैचों में से 19 बार मुंबई विनर रही है, जबकि 15 मैचों में बेंगलुरु की जीत हुई है। दोनों टीमों के बीच कोई भी मैच बिना रिजल्ट नहीं रहा है। इन मैचों में दोनों टीमों का हाईएस्ट स्कोर देखें, तो मुंबई का हाईएस्ट स्कोर 213 और बेंगलुरु का 235 हाईएस्ट स्कोर रहा है। वहीं अगर लोएस्ट स्कोर की बात की जाए, तो मुंबई का 111 और बेंगलुरु का 122 रहा है।
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या हैं तो वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कप्तानी रजत पाटिदार के पास है। आंकड़ों के बाद अब बात करते हैं दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन की। तो सबसे पहले जानते हैं मुंबई इंडियंस की प्लेइंग 11 के बारे में
मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग 11
मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग 11 में रोहित शर्मा, रयान रिकल्टन (विकेट कीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, एएम गज़नफर, ट्रेंट बोल्ट और जसप्रीत बुमराह शामिल हो सकते हैं। जबकि शेरफेन रदरफोर्ड इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेल सकते हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की संभावित प्लेइंग 11
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की संभावित प्लेइंग 11 में विराट कोहली, फिल सॉल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेट कीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह, जोश हेजलवुड बेंच सुयश शर्मा, जैकब बेथेल शामिल हो सकते हैं। जबकि जैकब बेथेल बतौर इम्पैक्ट प्लेयर खेल सकते हैं।
जानें कैसी होगी पिच रिपोर्ट
मुबंई के वानखेड़े स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां छोटी बाउंड्री और सपाट विकेट होने की वजह से बल्लेबाज आसानी से शॉट खेल पाते हैं। शुरुआत के कुछ ओवर में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, बल्लेबाजी और आसान हो जाती है। पिछले मुकाबले में भी बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला था, जहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 190 से ज्यादा रन बनाए थे। इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर करीब 173 रन के आसपास रहता है।
मौसम के मिजाज की बात करें तो 12 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले मुंबई इंडियंस बनाम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर मैच के दौरान मौसम साफ रहने वाला है और बारिश की कोई चिंता नहीं है। मैच के समय तापमान करीब 26 से 28 डिग्री के बीच रहेगा। हालांकि हवा में नमी ज्यादा (60% से 85%) होने की वजह से मौसम थोड़ा गर्म और चिपचिपा लग सकता है। ऐसे में दूसरी पारी में ओस पड़ने के ज्यादा आसार हैं, जिससे बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को फायदा मिल सकता है।