IPL की शुरुआत से पहले चेन्नई को बड़ा झटका, इंजरी की वजह से इतने मैचों के लिए बाहर हुए धोनी

IPL 2026: चेन्नई सुपर किंग्स टूर्नामेंट में अपने मुकाबले की शुरुआत 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में करेगी। वहीं धोनी के दो हफ्ते तक बाहर रहने की वजह से टीम को दिग्गज खिलाड़ी की कमी जरूर खलेगी। वहीं धोनी की जगह संजू सैमसन विकेटकीपिंग कर सकते हैं

अपडेटेड Mar 28, 2026 पर 2:51 PM
Story continues below Advertisement
MS Dhoni:चेन्नई टूर्नामेंट में अपने मुकाबले की शुरुआत 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में करेगी

आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले पांच बार की खिताब विजेता टीम चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व कप्तान एमएस धोनी टूर्नामेंट के शुरुआती दो हफ्तों तक मुकाबला नहीं खेल पाएंगे। धोनी इस समय पिंडली में खिंचाव की वजह से रिकवरी प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। ऐसे में टीम को अपने सबसे अनुभवी खिलाड़ी के बिना शुरुआती मुकाबलों में उतरना होगा।

चेन्नई सुपर किंग्स टूर्नामेंट में अपने मुकाबले की शुरुआत 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में करेगी। वहीं धोनी के दो हफ्ते तक बाहर रहने की वजह से टीम को दिग्गज खिलाड़ी की कमी जरूर खलेगी। वहीं धोनी की जगह संजू सैमसन विकेटकीपिंग कर सकते हैं।

चेन्नई ने किया पोस्ट


चेन्नई सुपर किंग्स ने शनिवार सुबह ट्वीट कर बताया, “एमएस धोनी इस समय पिंडली में खिंचाव की समस्या से उबरने के लिए रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। इसी कारण उनके टाटा आईपीएल 2026 के शुरुआती दो हफ्तों में मैदान पर उतरने की संभावना नहीं है।”

अगर धोनी सिर्फ दो हफ्ते बाहर रहते हैं, तो उनकी वापसी अप्रैल के दूसरे हफ्ते में हो सकती है। ऐसे में वह चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स या फिर 14 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में खेलते नजर आ सकते हैं, जिससे टीम को मजबूती मिलेगी।

ट्रेड के जरिए संजू को किया है शामिल

चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की गैरमौजूदगी में टीम विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संजू सैमसन को सौंप सकती है, जिन्हें भविष्य में टीम के अहम खिलाड़ी के रूप में देखा जा रहा है। सैमसन को पिछले साल दिसंबर में आईपीएल 2026 ऑक्शन से पहले टीम में शामिल किया गया था, जब चेन्नई ने रवींद्र जडेजा और सैम करन को राजस्थान रॉयल्स के साथ ट्रेड करके उन्हें अपनी टीम में लिया था।

पिछले सीजन में धोनी का रिकॉर्ड

अगस्त 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद भी धोनी लगातार आईपीएल में खेलते नजर आ रहे हैं। पिछले सीजन में उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सभी 14 मैच खेले और 24.5 के औसत व 135.17 के स्ट्राइक रेट से 196 रन बनाए। वहीं, जब नियमित कप्तान रुतुराज गायकवाड़ कोहनी की चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे, तब धोनी ने शुरुआत में टीम की कमान संभालकर नेतृत्व की जिम्मेदारी भी निभाई।

चेन्नई सुपर किंग्स का 2025 सीजन काफी खराब रहा था, टीम 14 में सिर्फ 4 मैच जीतकर सबसे नीचे रही। वहीं, 44 साल के महेंद्र सिंह धोनी इस सीजन में खेलते ही आईपीएल के सबसे उम्रदराज भारतीय खिलाड़ी बन सकते हैं और प्रवीण तांबे का रिकॉर्ड तोड़ देंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।