IPL 2026: तीन मैच में जमकर लुटाए रन और खाते में एक भी विकेट नहीं...गायब हुआ बुमराह का जादू!

MI vs RCB: मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच आईपीएल 2026 का 20वां मुकाबला 12 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में विराट कोहली और रोहित शर्मा आमने-सामने होंगे। मैच से पहले मुंबई के बैटिंग कोच ने जसप्रीत बुमराह की फॉर्म को लेकर भी बयान दिया है

अपडेटेड Apr 11, 2026 पर 10:26 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस अपनी दूसरी जीत हासिल करने के इरादे से उतरेगी

आईपीएल के 20वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस का सामना डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। ये मुकाबला 12 अप्रैल को शाम 7:30 बजे से वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में एक बार फिर विराट कोहली और रोहित शर्मा एक साथ खेलते हुए नजर आएंगे, बस इस बार दोनों एक दूसरे के खिलाफ खेलते हुए नजर आएंगे। आईपीएल में रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हैं तो वहीं विराट कोहली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा है। दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला होने की उम्मीद है।

आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस अपनी दूसरी जीत हासिल करने के इरादे से उतरेगी। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु भी जीत की राह पर लौटने के इरादे से उतरेगी। वहीं इस मैच से पहले मुंबई इंडियंस की टीम जसप्रीत बुमराह की फॉर्म को लेकर बड़ा बयान दिया है।

पोलार्ड ने क्या कहा


मुंबई इंडियंस के बैटिंग कोच कीरोन पोलार्ड ने कहा, “कभी-कभी सबसे अच्छा अटैक, डिफेंस होता है। हम इस बात पर ज्यादा ध्यान नहीं दे रहे कि जसप्रीत बुमराह को अभी तक विकेट नहीं मिले हैं।” उन्होंने आगे कहा, “हमारे कैंप में बुमराह को लेकर कोई चिंता नहीं है। सब ठीक है। आप लोग आंकड़ों, स्पीड और विकेट जैसी चीजों पर ज्यादा ध्यान देते हैं, लेकिन हम क्रिकेट को इस नजरिए से नहीं देखते।”

जल्द टीम से जुड़ेगे जैक्स

पोलार्ड ने राजस्थान रॉयल्स से मिली हार के बाद बुमराह की पेस को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा, “अगर गेंद 100 नॉट्स की रफ्तार से जा रही है, तो आप हर बार उसी तरह जवाब नहीं देंगे। ऐसे में आप कुछ अलग करने की कोशिश करते हैं।” विल जैक्स की गैरमौजूदगी पर पोलार्ड ने कहा कि वह “बहुत जल्द” टीम के साथ जुड़ सकते हैं। उन्होंने कहा, “हम उम्मीद कर रहे हैं कि वह जल्द ही आ जाएंगे। जहां तक फिटनेस की बात है, मेरी जानकारी में ऐसी कोई समस्या नहीं है।”

आईपीएल 2026 में बुमराह का प्रदर्शन

पांच बार की चैंपियन मुंबई ने टूर्नामेंट की शुरुआत कोलकाता नाइट राइडर्स पर शानदार जीत के साथ की थी, लेकिन इसके बाद उन्हें लगातार दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा। जसप्रीत बुमराह ने इस सीजन में अब तक अपनी टीम के तीनों मैच खेले हैं। उन्होंने सबसे ज्यादा ओवर भी डाले हैं, लेकिन अभी तक एक भी विकेट हासिल नहीं कर पाए हैं। तीन मैचों में उन्होंने कुल 11 ओवर गेंदबाजी की है, जिसमें 88 रन दिए हैं, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।