Who is Raghu Sharma: आईपीएल 2026 का 47वां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया। इस मुकाबले में रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन की तूफानी पारी की बदौलत मुंबई ने इस सीजन की अपनी तीसरी जीत दर्ज की है। वहीं इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस के लेग स्पिनर रघु शर्मा ने आईपीएल में अपना पहला विकेट हासिल किया। 4 मई को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के बल्लेबाज अक्षत रघुवंशी को आउट किया। विकेट लेने के बाद रघु का सेलिब्रेशन काफी चर्चा में रहा।
रघु ने पर्ची पर क्या लिखा था
अक्षत का विकेट लेने के बाद रघु ने अपनी जेब से एक पर्ची निकालकर कैमरे की तरफ दिखाया। पर्ची पर लिखा था, 'राधे राधे। बहुत से दर्द भरे 15 साल गुरुदेव की कृपा से आज समाप्त हुए। मुंबई इंडियंस (ब्लू और गोल्ड) के इस अवसर के लिए धन्यवाद। मैं हमेशा आभारी रहूंगा। जय श्री राम।' सोशल मीडिया पर रघु की ये पर्ची तेजी से वायरल हो रही है। रघु शर्मा ने इस मैच में चार ओवर में 36 रन देकर एक विकेट लिया। रघु ने चेन्नई के खिलाफ 2 मई को खेले गए मैच में डेब्यू किया था। इस मैच में उन्होंने चार ओवर में 24 रन दिए, लेकिन कोई विकेट नहीं ले सके।
पंजाब के रहने वाले रघु शर्मा को 2025 में पहली बार आईपीएल में मौका मिला, जब मुंबई इंडियंस ने उन्हें चोटिल स्पिनर विग्नेश पुथुर की जगह टीम में शामिल किया। इससे पहले वह उसी सीजन में नेट गेंदबाज के तौर पर टीम के साथ थे, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला। फिर भी मुंबई इंडियंस ने उन पर भरोसा बनाए रखा। आखिरकार 2026 में उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपना पहला मैच खेलने का मौका मिला।
रघु को करना पड़ा काफी संघर्ष
आईपीएल तक पहुंचने से पहले रघु शर्मा का सफर काफी मेहनत और संघर्ष से भरा रहा। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक तेज गेंदबाज के रूप में की थी, लेकिन बाद में पंजाब टीम में अपनी जगह मजबूत करने के लिए उन्होंने लेग स्पिन गेंदबाजी अपनाई। यह बदलाव उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन लगातार मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने खुद को बेहतर बनाया और आखिरकार बड़े मंच तक पहुंचने में कामयाब रहे।
अपने गेंदबाजी में किया बदलाव
ESPNcricinfo के अनुसार, हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के बाद रघु शर्मा ने बिना रन-अप के लेग-कटर गेंदबाजी करना शुरू कर दिया। इसी दौरान जालंधर जिला क्रिकेट संघ के कोच मदन लाल की नजर उन पर पड़ी, जिन्होंने उन्हें लेग स्पिन गेंदबाजी अपनाने की सलाह दी। रघु ने इस सलाह को मानते हुए अपनी गेंदबाजी में बदलाव किया और आगे बढ़ने के लिए शेन वॉर्न और इमरान ताहिर से प्रेरणा ली।
शेन वॉर्न का वीडियो देख शुरु किया सीखना
ESPNCricinfo से शेन वॉर्न के बारे में बात करते हुए, रघु ने कहा: "मैंने उनके वीडियो देखकर लेग स्पिन शुरू किया। उनका 'लेग स्पिन ट्यूटोरियल' आज भी यूट्यूब पर मौजूद है। यह लगभग 9-9.5 मिनट लंबा है। इस वीडियो में वह सब कुछ समझाते हैं, गेंद को कैसे पकड़ना है: दो उंगलियां ऊपर, दो उंगलियां नीचे। वह गेंद पकड़ने से लेकर लेग ब्रेक, रॉन्ग’अन, फ्लिपर और स्लाइडर डालने तक सब कुछ आसान तरीके से समझाते हैं। रघु उस वीडियो को बार-बार देखते थे और फिर नेट्स में उसकी प्रैक्टिस करते थे। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी हमेशा से इच्छा थी कि वह एक बार शेन वॉर्न से मिल सकें।