पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 की शानदार शुरुआत की थी और टीम अपने पहले सात मैचों में अजेय रही। लगातार सात मैचों में जीतने के बाद पंजाब किंग्स प्लेऑफ में पहुंचने के काफी करीब थी। इसके बाद टीम का प्रदर्शन कमजोर पड़ गया और लगातार चार हार ने उसकी फॉर्म को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इसी बीच सोशल मीडिया पर ड्रेसिंग रूम के माहौल को लेकर कई तरह की अफवाहें फैलने लगीं। वहीं अब पंजाब किंग्स और टीम की को-ऑनर प्रीति जिंटा ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर नाराजगी जताई है।
पंजाब किंग्स और प्रीति जिंटा ने ने इन दावों को पूरी तरह फर्जी बताया और कहा कि किसी व्यक्ति, टीम या ब्रांड की छवि खराब करने वाली गलत जानकारी को गंभीरता से लिया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह साफ नहीं किया कि ये आरोप किस बारे में थे।
पंजाब किंग्स ने किया पोस्ट
पंजाब किंग्स ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर रिएक्शन देते हुए लोगों से अपील की कि वे सिर्फ सस्ती लोकप्रियता और एंगेजमेंट पाने के लिए झूठी कहानियां शेयर न करें। पंजाब किंग्स ने एक्स पर पोस्ट किया, “आलोचना, मजाक और राय खेल का हिस्सा हैं। सस्ती एंगेजमेंट के लिए फेक स्टोरीज और मनगढ़ंत कहानियां नहीं। हम सभी से, खासकर ‘स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स’ से, ध्यान खींचने या ट्रैक्शन के लिए गलत जानकारी फैलाने से पहले फैक्ट्स वेरिफाई करने की रिक्वेस्ट करते हैं।”
बाद में ये पोस्ट डिलीट कर दिया और एक नया पोस्ट किया गया, जिसमें “खेल पत्रकारों” का जिक्र नहीं था. नए पोस्ट में लिखा गया, “आलोचना, मजाक और राय खेल का हिस्सा हैं। सस्ती एंगेजमेंट के लिए फेक स्टोरीज और मनगढ़ंत कहानियां नहीं। हम सभी से ध्यान खींचने या ट्रैक्शन के लिए गलत जानकारी फैलाने से पहले फैक्ट्स वेरिफाई करने की रिक्वेस्ट करते हैं।”
प्रीति जिंटा ने एक्स पर पोस्ट में कहा, “आलोचना और सोची-समझी गलत जानकारी में फर्क होता है। खेल के बारे में हेल्दी बहस का स्वागत है, लेकिन लोगों, टीम या ब्रांड को नुकसान पहुंचाने के लिए जानबूझकर फेक कहानियां फैलाना हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए और न ही लिया जाएगा। मैं सभी से – वेरिफाइड आवाजों और मीडिया प्रोफेशनल्स सहित – बिना वेरिफाइड जानकारी को बढ़ा-चढ़ाकर बताने से पहले जिम्मेदारी लेने की रिक्वेस्ट करती हूं। धन्यवाद।”
पंजाब किंग्स का अगला मुकाबला गुरुवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ होगा। फिलहाल पंजाब किंग्स आईपीएल 2026 की अंक तालिका में चौथे स्थान पर है।