Yuvraj Singh: 'तुम सबको जूते से मारने का...' प्लेऑफ से बाहर होने के बाद पंजाब किंग्स के इन तीन खिलाड़ियों पर भड़के युवराज सिंह

Yuvraj Singh: हरप्रीत बरार ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर अर्शदीप सिंह और प्रियांश आर्या के साथ एक तस्वीर शेयर की। इस पोस्ट पर भारत के पूर्व खिलाड़ी युवराज सिंह ने मजाकिया अंदाज में पंजाबी में कमेंट किया। युवराज का ये पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है

अपडेटेड May 25, 2026 पर 3:58 PM
हरप्रीत बरार ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर अर्शदीप सिंह और प्रियांश आर्या के साथ एक तस्वीर शेयर की

आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में चार टीमें अपनी जगह बना ली हैं। वहीं आईपीएल में शानदार शुरुआत के बाद भी पंजाब किंग्स प्लेऑफ में अपनी जगह नहीं बना पाई। लगातार कई मैचों में जीत हासिल करने के बाद पंजाब टॉप टीमों में गिनी जा रही थी। वहीं फैंस उन्हें खिताब का मजबूत दावेदार मानने लगे थे। लगातार 6 मैच जीतने के बाद टीम की लय अचानक टूट गई और टीम को लगातार 6 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। टीम की लगातार हार से फैंस काफी निराश थे। पंजाब की अच्छी शुरुआत के बाद भी टीम के आईपीएल का सफर निराशा के साथ खत्म हुआ।

कई फैंस के मुताबिक, लगातार जीत मिलने के बाद खिलाड़ियों का ध्यान थोड़ा भटक गया, जिसका असर टीम के प्रदर्शन पर साफ दिखाई दिया। इसी बीच भारत के पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह ने एक अहम मैच से पहले पंजाब के कुछ खिलाड़ियों को हल्के-फुल्के अंदाज में चेतावनी भी दी थी, जिसकी अब सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है।

बरार की फोटो पर किया कमेंट


हरप्रीत बरार ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर अर्शदीप सिंह और प्रियांश आर्या के साथ एक तस्वीर शेयर की। इस पोस्ट पर भारत के पूर्व खिलाड़ी युवराज सिंह ने मजाकिया अंदाज में पंजाबी में कमेंट करते हुए लिखा, “अब तुम सबको जूते से मारने का समय आ गया है।!” युवराज ने ये कमेंट मजाकिया अंदाज में लिखा है। पंजाब किंग्स के बाहर होने के बाद युवराज का पुराना मजाकिया कमेंट फिर से वायरल हो गया, जिस पर फैंस अब खूब मजे ले रहे हैं।

 

इन खिलाड़ियों को दे चुके हैं ट्रेनिंग

बता दें कि युवराज पिछले कुछ सालों में कई युवा भारतीय खिलाड़ियों को ट्रेनिंग और मार्गदर्शन दे चुके हैं। शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे खिलाड़ी भी उनके साथ काम कर चुके हैं। हरप्रीत बरार, अर्शदीप सिंह और प्रियांश आर्या ने भी भारत के पूर्व स्टार ऑलराउंडर युवराज से ट्रेनिंग और मार्गदर्शन लिया है।

अर्शदीप ब्लागिंग में बिजी!

अर्शदीप सिंह समेत पंजाब टीम के कई खिलाड़ियों को इस सीजन सोशल मीडिया पर काफी आलोचना झेलनी पड़ी। फैंस के मुताबिक, टीम मैदान से ज्यादा ऑनलाइन एक्टिविटी, मजाक और दूसरी टीमों को ट्रोल करने में व्यस्त दिखी। खासकर अर्शदीप सिंह को उनके व्लॉग और सोशल मीडिया कंटेंट को लेकर निशाना बनाया गया, क्योंकि उसी दौरान उनके प्रदर्शन में भी गिरावट देखने को मिली। पूरे सीजन में उनका इकॉनमी रेट काफी ज्यादा रहा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।