Vaibhav Suryavanshi: क्या है वैभव सूर्यवंशी के ‘A’ सेलिब्रेशन के पीछे का राज? खुद बताई इसकी वजह

Vaibhav Sooryavanshi: जयपुर में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स के 221 रन के बड़े लक्ष्य को बेहद शानदार अंदाज में 19.1 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। वैभव की आक्रामक बल्लेबाज़ी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और टीम को प्लेऑफ की दौड़ में मजबूती दिलाई

अपडेटेड May 20, 2026 पर 3:02 PM
Story continues below Advertisement
अर्धशतक पूरा करने के बाद वैभव सूर्यवंशी का अलग अंदाज में किया गया सेलिब्रेशन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो

आईपीएल 2026 में 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी लगातार अपनी शानदार बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित कर रहे हैं। मंगलवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी की शानदार पारी ने राजस्थान रॉयल्स को प्लेऑफ के करीब पहुंचा दिया। इस मुकाबले में वैभव सिर्फ 7 रन से शतक लगाने से चूक गए। लेकिन अपनी 93 रन की तूफानी पारी ने राजस्थान रॉयल्स की जीत की नींव मजबूत कर दी।

अर्धशतक पूरा करने के बाद वैभव सूर्यवंशी का अलग अंदाज में किया गया सेलिब्रेशन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिफ्टी लगाने के बाद वैभव ने अपने हाथों से ‘A’ का निशान बनाया, जिसे देखकर सभी हैरान रह गए। वहीं अब वैभव ने बताया इस खास सेलिब्रेशन का मतलब

वैभव ने क्या कहा


मैच के बाद कमेंट्री कर रहे मुरली कार्तिक ने जब युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी उनके सेलिब्रेशन का मतलब पूछा, तो वैभव ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने हंसते हुए कहा कि उन्हें खुद भी नहीं पता कि इसका क्या मतलब है। जब बड़ी स्क्रीन पर उनका सेलिब्रेशन दिखाया गया, तो वैभव सूर्यवंशी ने कहा, “मैंने बस ऐसे ही कर दिया। पिछले मैच में भी मैंने जो सेलिब्रेशन किया था, उसका भी कोई खास मतलब नहीं था। मैं हर मैच में कुछ नया करने की कोशिश करता हूं।”

मां को किया डेडिकेट

वहीं बाद में राजस्थान रॉयल्स द्वारा शेयर की गई एक क्लिप में युवा खिलाड़ी ने आखिरकार इस इशारे के पीछे की असली वजह बताई। वैभव सूर्यवंशी ने कहा, “यह मैंने अपनी मम्मी को डेडिकेट किया, उनका नाम A से है। मैं चाहता नहीं था कि सबको बताऊं क्योंकि मैं इसको जारी रखना चाहता हूं, लेकिन असल में यह उनके लिए था।”

कैसा था मुकाबला

जयपुर में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स के 221 रन के बड़े लक्ष्य को बेहद शानदार अंदाज में 19.1 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। वैभव की आक्रामक बल्लेबाज़ी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और टीम को प्लेऑफ की दौड़ में मजबूती दिलाई।

वैभव सूर्यवंशी इस सीजन लगातार शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं, उन्होंने अब तक 13 मैचों में 579 रन बनाकर एक बार फिर ऑरेंज कैप अपने नाम कर लिया है। 236.33 के शानदार स्ट्राइक रेट के साथ वैभव सूर्यवंशी इस सीजन सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में शामिल हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।