IPL 2026: मुंबई से जीत के बाद चेन्नई को लगा बड़ा झटका, डेब्यू के बाद ही IPL से बाहर हुआ ये गेंदबाज

IPL 2026: चेन्नई सुपर किंग्स के युवा ऑलराउंडर रामकृष्ण घोष पैर में फ्रैक्चर के कारण आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं। उन्हें मुंबई इंडियंस के खिलाफ डेब्यू मैच के दौरान चोट लगी थी। फिलहाल टीम ने उनके रिप्लेसमेंट की घोषणा नहीं की है

अपडेटेड May 03, 2026 पर 10:28 PM
Story continues below Advertisement
रामकृष्ण घोष को चेन्नई सुपर किंग्स ने पिछले साल 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था

आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। टीम के युवा ऑलराउंडर रामकृष्ण घोष चोट की वजह से पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। रामकृष्ण घोष को 2 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच के दौरान दाहिने पैर में चोट लगी थी। बाद में जांच में उनके पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। रामकृष्ण ने 2 मई, शनिवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपना पहला आईपीएल मैच खेला था। मैच में तीसरे ओवर को खत्म करने के बाद उन्हें लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर जाते देखा गया था। फिलहाल चेन्नई सुपर किंग्स ने उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया है।

चेन्नई सुपर किंग्स पूरे आईपीएल 2026 में चोट की समस्याओं से परेशान रही है। टीम के तेज गेंदबाज खलील अहमद, आयुष म्हात्रे और नाथन एलिस चोट के कारण बाहर हो चुके हैं। वहीं महेंद्र सिंह धोनी ने भी टूर्नामेंट के 19वें सीजन में अब तक एक भी मैच नहीं खेला है।

पूरे सीजन से बाहर हुए रामकृष्ण


चेन्नई सुपर किंग्स ने रविवार शाम ट्वीट करते हुए कहा, "ऑफिशियल अनाउंसमेंट: चेपॉक में CSK बनाम MI मैच के दौरान रामकृष्ण घोष के दाहिने पैर में फ्रैक्चर हो गया।" रामकृष्ण घोष एक तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हैं, जिन्होंने 2025-26 के घरेलू सीजन में महाराष्ट्र के लिए शानदार प्रदर्शन कर पहचान बनाई थी।

कौन हैं रामकृष्ण घोष

महाराष्ट्र के रामकृष्ण घोष को चेन्नई सुपर किंग्स ने पिछले साल 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और डेथ ओवरों में दबाव के बीच अच्छी बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा। पिछले साल वह विजय हजारे ट्रॉफी में एक मैच में सात या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों में भी शामिल हुए थे। घरेलू क्रिकेट में वह ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में भी खेल चुके हैं।

डेब्यू मैच में प्रदर्शन

रामकृष्ण घोष ने शनिवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 3 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट लिया, जिसमें सूर्यकुमार यादव का अहम विकेट भी शामिल था। इससे पहले उन्होंने दूसरे ओवर में अंशुल कंबोज की गेंद पर विल जैक्स का शानदार डाइविंग कैच पकड़कर भी टीम को बड़ी सफलता दिलाई थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।