आईपीएल का तीसरा मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया। इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई को आसानी से 8 विकेट से मात दी। रवींद्र जडेजा के लिए चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ ये मुकाबला काफी खास रहा। इस सीजन में रवींद्र जडेजा राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं रवींद्र जडेजा ने बताया कि चेन्नई से राजस्थान रॉयल्स में आने के बाद उनकी महेंद्र सिंह धोनी से अब तक बात नहीं हो पाई है, क्योंकि धोनी अक्सर अपना फोन बंद रखते हैं।
रवींद्र जडेजा ने बताया कि अपनी पुरानी टीम के खिलाफ खेलना उनके लिए थोड़ा अलग और इमोशनल एक्सपीरिएंस रहा। इस टीम ने उनके करियर को पहचान दिलाई, इसलिए यह मुकाबला उनके लिए खास महसूस हुआ।
रवींद्र जडेजा ने ब्रॉडकास्टर्स से बातचीत में कहा, “मैंने माही भाई से बात नहीं की है, क्योंकि वह ज्यादातर अपना फोन बंद रखते हैं। लेकिन जब भी उनसे मुलाकात होगी और रैना भाई व अनिल कुंबले से भी मिलूंगा, तब अच्छी तरह बात होगी।” जडेजा ने ये भी कहा कि अपने पुराने टीम के खिलाफ खेलना उनके लिए काफी अलग एक्सपीरिएंस रहा। रवींद्र जडेजा ने चेन्नई सुपर किंग्स के साथ करीब 13 साल बिताए और 2018, 2021 व 2023 में टीम को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि अब उन्हें अलग टीम की जर्सी में खेलते देखना फैंस के लिए थोड़ा अलग अनुभव है।
उन्होंने राजस्थान रॉयल्स में वापसी को थोड़ा इमोशनल पल बताया, लेकिन इसे सकारात्मक रूप में लिया, क्योंकि अंडर-19 वर्ल्ड कप के बाद इसी टीम से उन्होंने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी और यहां लौटना उनके लिए खास अनुभव है।
चेन्नई के खिलाफ इस मुकाबले में रवींद्र जडेजा को बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला। लेकिन उन्होंने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 18 रन देकर 2 विकेट लिए और सरफराज खान व अपने पुराने साथी शिवम दुबे को आउट किया। राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 47 गेंद पहले ही 8 विकेट से हरा दिया। वहीं महेंद्र सिंह धोनी चोट के कारण इस मुकाबले में नहीं खेल पाए, इसलिए दोनों खिलाड़ियों की मुलाकात का इंतजार अभी बाकी है। जडेजा ने भी माना कि अपनी पुरानी टीम के खिलाफ खेलना उनके लिए थोड़ा अलग और अजीब अनुभव रहा।