आईपीएल 2026 में 26 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच पहला क्वालिफायर खेला जाएगा। वहीं इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विकेटकीपर बल्लेबाज फिल साल्ट खेलेंगे या नहीं, इस पर अभी भी सस्पेंस बरकरार है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले से पहले टीम के कप्तान रजत पाटीदार ने भी इस बारे में खुलकर कुछ नहीं बताया। ऐसे में फैंस के मन में सवाल है कि क्या पहले क्वालिफायर में फिल साल्ट खेलेंगे या नहीं।
फिल साल्ट काफी समय से मैदान से दूर हैं, वहीं जैकब बेथेल के चोटिल होकर इंग्लैंड लौटने के बाद उनके खेलने की संभावना बढ़ गई है। ऐसी खबरें हैं कि गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में फिल साल्ट विराट कोहली के साथ ओपनिंग कर सकते हैं। रजत पाटीदार ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "वह फिट हैं और प्रैक्टिस भी कर रहे हैं, लेकिन हमने अभी तक प्लेइंग इलेवन को लेकर कोई फैसला नहीं किया है।"
फिल साल्ट को 18 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में फील्डिंग करते समय उंगली में चोट लग गई थी। चौका रोकने के दौरान डाइव लगाने पर उनके बाएं हाथ में चोट आई, जिसके बाद वह टीम से बाहर हो गए। चोट से उबरने के लिए वह अप्रैल में अपने घर लौट गए थे और परिवार के साथ समय बिताया। उनकी गैरमौजूदगी में भी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने प्लेऑफ में जगह बना ली। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आखिरी मैच में भी टीम ने उन्हें आराम दिया, ताकि प्लेऑफ से पहले कोई जोखिम न लिया जाए।
पिछले मैच में अय्यर-विराट ने की ओपनिंग
फिल साल्ट और जैकेब बैथेल के बाहर रहने पर वेंकटेश अय्यर ने विराट कोहली के साथ ओपनिंग की जिम्मेदारी संभाली। वहीं बेथेल को भी पिछले महीने विराट के साथ पारी की शुरुआत करने का मौका मिला था, लेकिन वह ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके। उन्होंने सात पारियों में सिर्फ 96 रन बनाए और उनका सबसे बड़ा स्कोर 27 रन रहा। साल्ट के लिए ये चोट काफी निराशाजनक रही, क्योंकि वह इस सीजन शानदार फॉर्म में थे। इंग्लैंड के लिए टी20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद उन्होंने आईपीएल में जोरदार वापसी की थी।