रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच आज 15 अप्रैल को आईपीएल 2026 का 23वां मुकाबला एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। आईपीएल 2026 में आरसीबी की टीम इस समय बेहतरीन फॉर्म में हैं। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। वहीं इस मैच में फैंस की निगाहें विराट कोहली पर रहेंगी। बता दें, मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में विराट कोहली टखने में चोट की वजह से फील्डिंग करने के लिए मैदान पर नहीं उतरे थे। ऐसे में अब ये साफ नहीं है कि वह लखनऊ के खिलाफ खेलेंगे या नहीं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस सीजन में शानदार फॉर्म में है। विराट कोहली, फिल सॉल्ट, रजत पाटीदार और टिम डेविड की बदौलत टीम लगातार बड़े स्कोर बना रही है और अपनी जीत की लय बनाए रखना चाहती है।
प्रैक्टिस करते नजर आए कोहली
हालांकि विराट कोहली ने टीम के साथ प्रैक्टिस सेशन सत्र में हिस्सा लिया और हमेशा की तरह सहज नजर आए, साथियों के साथ बातचीत भी करते दिखे। लेकिन एक वीडियो में फैंस का ध्यान प्रैक्टिस के दौरान विराट के बाएं घुटने पर बंधी हुई पट्टी पर गया। लखनऊ सुपर जायंट्स द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में विराट कोहली बाएं घुटने पर पट्टी बांधकर चलते नजर आए। इस दौरान उन्होंने केन विलियमसन से मुलाकात कर नमस्ते किया, जो अब लखनऊ टीम के सपोर्ट स्टाफ के साथ जुड़े हैं। साथ ही उन्होंने कप्तान ऋषभ पंत से भी गले मिलकर बात की।
पैर में पट्टी बंधी होने के बावजूद विराट कोहली ने नेट्स में जमकर अभ्यास किया और लंबा बैटिंग सेशन किया, जिससे उनकी फिटनेस को लेकर चिंता काफी हद तक कम हो गई। इस सीजन में विराट शानदार फॉर्म में हैं और 4 मैचों में 179 रन बना चुके हैं। विराट कोहली लखनऊ के खिलाफ खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
आरसीबी ने सभी मैच में बनाए 200 से ज्यादा रन
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपनी मजबूत बल्लेबाजी के दम पर लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर अंक तालिका में अपनी स्थिति और बेहतर करना चाहेगी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बल्लेबाज इस सीजन में शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। विराट कोहली, फिल सॉल्ट, रजत पाटीदार, टिम डेविड और देवदत्त पडिक्कल ने मिलकर विपक्षी टीमों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। बेंगलुरु की आक्रामक बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टीम ने इस सीजन में अब तक हर मैच में 200 से ज्यादा रन बनाए हैं।