आईपीएल 2026 अब अपने आखिरी पड़ाव से बस दो कदम दूर है। आईपीएल का फाइनल मुकाबला 31 मई को अहमदाबाद में खेला जाएगा। वहीं इससे पहले इंडियन प्रीमियर लीग से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आई है। ऋषभ पंत ने तुरंत प्रभाव से लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी छोड़ दी है. पंत ने खुद फ्रेंचाइजी से गुजारिश की थी कि उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया जाए, और लखनऊ की टीम ने उनकी इस बात को स्वीकार कर लिया है।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने खुद इस बात की जानकारी दी। टीम ने कहा कि, आईपीएल 2026 सीजन खत्म होने के बाद कप्तान ऋषभ पंत ने अपनी कप्तानी छोड़ दी है। पंत को टीम ने रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था और उसी के बाद उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। हालांकि, उनके नेतृत्व में टीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। लखनऊ सुपर जायंट्स लगातार किसी भी सीजन में प्लेऑफ तक पहुंचने में सफल नहीं रही। आईपीएल 2026 में भी टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और वह अंक तालिका में सबसे नीचे, यानी 10वें स्थान पर रही।
इस सीजन में लखनऊ की टीम को केवल चार मैचों में जीत मिली, जबकि बाकी मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा। खराब नतीजों के बाद टीम के प्रदर्शन पर सवाल उठे और अब सीजन समाप्त होते ही ऋषभ पंत ने कप्तानी से इस्तीफा देने का फैसला कर लिया है।
टीम की ओर से दिया गया ये बयान
लखनऊ सुपर जायंट्स ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया है कि ऋषभ पंत ने टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी से मुक्त किए जाने का अनुरोध किया था। फ्रेंचाइजी ने उनके इस अनुरोध को स्वीकार कर लिया है और वह अब टीम के कप्तान नहीं रहेंगे। टीम के क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी ने कहा कि ऋषभ पंत ने खुद कप्तानी छोड़ने की इच्छा जताई थी। फ्रेंचाइजी ने उनके फैसले का सम्मान करते हुए इसे तुरंत प्रभाव से मंजूरी दे दी।
टॉम मूडी ने अपने बयान में कहा, "ऋषभ ने कप्तानी छोड़ने के लिए हमसे संपर्क किया था और हमने उनके फैसले का सम्मान किया। ऐसे फैसले लेना आसान नहीं होता। कप्तान के रूप में उन्होंने टीम और ड्रेसिंग रूम के लिए जो योगदान दिया है, उसके लिए हम उनके आभारी हैं।" उन्होंने आगे कहा कि अब टीम का पूरा ध्यान भविष्य की तैयारियों पर है। फ्रेंचाइजी टीम को नए सिरे से मजबूत बनाने और बेहतर प्रदर्शन के लिए उसका पुनर्गठन करने पर काम करेगी, ताकि आने वाले सीजन में वह ऊंचे स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सके।