Credit Cards

RR vs MI Highlights: प्लेऑफ की रेस से बाहर हुई राजस्थान, जीत के साथ टॉप पर पहुंची मुंबई

RR vs MI Highlights: पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई शुरुआत के चार ओवर तक मुंबई की शुरुआत थोड़ी धीमी रही। वहीं पांचवें ओवर में मुंबई ने जो रफ्तार पकड़ी वो अंत तक जारी रही। मुंबई इंडियंस ने 2 विकेट खोकर 217 रनों बनाए। वहीं 218 रनों का पीछा करने उतरी राजस्थान की पूरी टीम 16.1 ओवर में 117 रन पर ऑल आउट हो गई। इस हार के साथ ही राजस्थान की टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है। वहीं इस जीत के साथ मुंबई की टीम पॉइंट्स टेबल में टॉप पर आ गई

अपडेटेड May 01, 2025 पर 11:59 PM
Story continues below Advertisement
RR vs MI Highlights: मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को 100 रनों से दी करारी शिकस्त

RR vs MI Highlights: राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच गुरुवार को आईपीएल 2025 का 50वां मुकाबला खेला गया। अपने होम ग्राउंड पर ही राजस्थान का फ्लॉप शो दिखा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 217 रनों का पहाड़ खड़ा किया। मुंबई के लिए चारों बल्लेबाजों ने कमाल की पारी खेली। मुंबई को रयान रिकल्टन ने सर्वाधिक 61 रन बनाए। वहीं 218 रनों का पीछा करने उतरी राजस्थान की पूरी टीम 16.1 ओवर में 117 रन पर ऑल आउट हो गई। राजस्थान का कोई भी बल्लेबाज अपना कमाल नहीं दिखा पाए। मुंबई ने इस मुकाबले को 100 रनों से अपने नाम किया।

इस हार के साथ ही राजस्थान की टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है। वहीं इस जीत के साथ मुंबई की टीम पॉइंट्स टेबल में टॉप पर आ गई। आईपीएल 2025 में MI ने अबतक खेले 11 मैचों में 7 में जीत और 4 में हार मिली है। तो वहीं RR को 11 मैचों में 3 में जीत और 8 में हार मिली है। पॉइंट्स टेबल में 11 मैचों में 14 अंकों के साथ मुंबई की टीम पहले स्थान पर है तो वहीं राजस्थान की टीम 11 मैचों में 6 अंकों के साथ आठवें स्थान पर है।

मुंबई की तूफानी बैटिंग


मुंबई की ओर से रोहित शर्मा और रायन रिकल्टन ओपनिंग करने उतरे। राजस्थान के लिए पहला ओवर जोफ्रा आर्चर ने किया और सिर्फ 2 रन दिए। शुरुआत के चार ओवर तक मुंबई की शुरुआत थोड़ी धीमी रही और इस दौरान टीम का स्कोर 25 रन ही था। वहीं पांचवें ओवर में मुंबई ने जो रफ्तार पकड़ी वो अंत तक जारी रही। 6 ओवर के बाद मुंबई बिना विकेट खोए 58 रन तक पहुंच गया। 9 ओवरों में टीम का स्कोर 90 रन पार कर गया। रिकल्टन ने 29 गेंदों में शानदार फिफ्टी पूरी की, जबकि रोहित 37 रन बनाकर खेल रहे थे। 10 ओवर में स्कोर 99 रन हुआ और दोनों बल्लेबाज़ तेजी से रन बना रहे थे।

हार्दिक-सूर्या की जोड़ी ने मचाया धमाल

12वें ओवर में मुंबई को पहला झटका लगा। रायन रिकल्टन 61 रन बनाकर महीश तीक्षणा की गेंद पर आउट हुए। वही 13वें ओवर में रोहित शर्मा भी 53 रन बनाकर रियान पराग की गेंद पर आउट हो गए। रोहित और रायन के आउट होने के बाद मुंबई की पारी को सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या ने संभाला और अंत तक कोई भी विकेट नहीं खोया। आखिरी ओवर में दोनों बल्लेबाज़ों ने शानदार बल्लेबाज़ी की। सूर्यकुमार और हार्दिक दोनों ने 23-23 गेंदों में 48-48 रन बनाकर नाबाद पारी खेली। उन्होंने मिलकर 44 गेंदों में 94 रन की साझेदारी की और मुंबई का स्कोर 217 रन तक पहुंचा दिया। राजस्थान की तरफ से महीश तीक्षणा और रियान पराग ने 1-1 विकेट लिया।

राजस्थान की खराब शुरुआत

मुंबई के दिए गए 218 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत बेहद खराब रही। ओपनिंग के लिए वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल मैदान पर उतरे। पहले ओवर में ही वैभव सूर्यवंशी बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में आउट हो गए। यह ओवर दीपक चाहर ने किया। दूसरे ओवर में ट्रेंट बोल्ट ने यशस्वी जायसवाल को बोल्ड कर दिया। हालांकि, आउट होने से पहले यशस्वी ने बोल्ट को दो शानदार छक्के भी लगाए। चौथे ओवर में नीतीश राणा भी आउट हो गए। उन्होंने 9 रन बनाए और उन्हें भी ट्रेंट बोल्ट ने पवेलियन भेजा। चार ओवर के बाद स्कोर 3 विकेट पर 41 रन था।

बुमराह का कहर

पांचवें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने दो गेंदों पर दो विकेट लिए। पहले रियान पराग (16 रन) को आउट किया, फिर अगली गेंद पर शिमरोन हेटमायर बिना खाता खोले आउट हो गए। पांच ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर था 5 विकेट पर 51 रन था। बुमराह ने इस ओवर में ही मैच को मुंबई की ओर मोड़ दिया। इन झटकों से राजस्थान की टीम उबर ही नहीं पाई।

8 ओवर में राजस्थान रॉयल्स को शुभम दुबे के रूप में एक और झटका लगा। उन्हें हार्दिक पांड्या ने आउट किया। 9वें ओवर में ध्रुव जुरेल 11 रन बनाकर कर्ण शर्मा की गेंद पर आउट हुए। 12वें ओवर में कर्ण शर्मा ने राजस्थान को दो झटके दिए। ओवर की पहली गेंद पर महीश तीक्षणा 2 रन और पांचवीं गेंद पर कुमार कार्तिकेय भी 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब राजस्थान को जीत के लिए 49 गेंदों में 127 रन चाहिए थे। 16 ओवर में राजस्थान को जीत के लिए 101 रन चाहिए थे। जोफ्रा आर्चर 30 रन और आकाश मधवाल 4 रन पर खेल रहे थे। 17वें ओवर की पहली ही गेंद पर ट्रेंट बोल्ट ने जोफ्रा आर्चर को 30 रन पर आउट कर दिया। उनके आउट होते ही राजस्थान की पूरी टीम 117 रन पर ऑल आउट हो गई और इस तरह मुंबई ने इस मुकाबले को 100 रन से अपने नाम किया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।