आईपीएल 2026 का 11वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जा रहा है। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। वहीं टॉस के दौरान गायकवाड़ ने बताया कि धोनी कब मैदान पर वापसी करेंगे। फैंस धोनी की वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। जानें कब होगी धोनी की वापसी
ऋतुराज गायकवाड़ ने रविवार को बताया कि महेंद्र सिंह धोनी को पूरी तरह फिट होने में थोड़ा समय लगेगा। टीम उनकी फिटनेस को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहती।
ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस के समय कहा, “एमएस धीरे-धीरे फिट हो रहे हैं। जैसा कि आप जानते हैं, कभी-कभी इसमें थोड़ा टाइम लगता है। हम सभी उम्मीद कर रहे हैं कि वह बहुत जल्द वापसी करेंगे। वह खेलने के लिए काफी एक्साइटेड हैं और यह जल्द ही देखने को मिलेगा।” बता दें, धोनी अभी पिंडली की चोट से उबर रहे हैं, जो उन्हें सीजन शुरू होने से पहले लगी थी।
पहले दो मैच हार चुकी है चेन्नई
बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबला महेंद्र सिंह धोनी के लिए इस सीजन का तीसरा मैच है। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अब तक अपने पहले दो मैच हार चुकी है, जिसमें उसे राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। इसलिए टीम इस मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी।
टीम को खल रही धोनी की कमी
महेंद्र सिंह धोनी ने आरसीबी के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स के लिए कई रन बनाए हैं, लेकिन उनका महत्व सिर्फ रिकॉर्ड तक सीमित नहीं है। गैरमौजूदगी में टीम अनुभव की कमी महसूस कर रही है और रणनीति के स्तर पर भी थोड़ी कमजोर नजर आ रही है। धोनी के टीम में न होने पर चेन्नई सुपर किंग्स ने फिनिशिंग की जिम्मेदारी निचले क्रम में युवा खिलाड़ी प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा को दी है, लेकिन अब तक यह फैसला असरदार साबित नहीं हुआ है और टीम को इसका खास फायदा नहीं मिल पाया है।
राजस्थान रॉयल्स से आए संजू सैमसन, जिन्हें धोनी का संभावित विकल्प माना जा रहा था, अब तक खास प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं और पहले दो मैचों में बहुत कम रन बनाए हैं।