Vaibhav Sooryavanshi: टेस्ट मैच में कब होगा वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू? संजय मांजरेकर ने किया बड़ा खुलासा

आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और कई रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। संजय मांजरेकर ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी टी20 में आक्रामक खेलते हैं और बड़े शॉट लगाते हैं, लेकिन यही तरीका टेस्ट क्रिकेट में उतना कारगर नहीं होता, क्योंकि वहां ज्यादा धैर्य और अलग तकनीक की जरूरत होती है

अपडेटेड May 05, 2026 पर 4:52 PM
Story continues below Advertisement
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अपने पहले आईपीएल सीजन में ही शानदार खेल दिखाकर सबका ध्यान खींच लिया था

आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी काफी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। वैभव आईपीएल में अब तक कई नए रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। वहीं वैभव के इस प्रदर्शन के बाद से उनके भारतीय टीम में सेलेक्शन को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। वहीं पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर के मुताबिक, वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल और घरेलू टी20 में जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उसे देखकर लगता है कि वह बड़े स्तर पर खेलने के लिए तैयार हैं।

संजय मांजरेकर ने ये भी कहा कि टेस्ट टीम में जगह पाने के लिए उन्हें अभी थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है, क्योंकि ओपनिंग के लिए पहले से ही कई खिलाड़ी मौजूद हैं।

आईपीएल में वैभव का शानदार प्रदर्शन


15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अपने पहले आईपीएल सीजन में ही शानदार खेल दिखाकर सबका ध्यान खींच लिया था और एक रिकॉर्ड तोड़ शतक भी लगाया था। इससे पहले उन्होंने घरेलू क्रिकेट और अंडर-19 स्तर पर भी बेहतरीन खेल दिखाया था, जिसमें अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में 175 रन की शानदार पारी शामिल है। आईपीएल 2026 में उन्होंने अपने खेल को और बेहतर किया और 10 मैचों में 237.64 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट से 404 रन बनाए, जिससे उनकी प्रतिभा और भी साफ नजर आई। संजय मांजरेकर ने वैभव सूर्यवंशी के शानदार आईपीएल 2026 प्रदर्शन की जमकर तारीफ की।

संजय मांजरेकर ने क्या कहा

संजय मांजरेकर ने स्पोर्ट्सस्टार से बात करते हुए कहा, “भारतीय टी20 टीम में जगह बनाने के लिए आईपीएल को एक मंच की तरह देखना और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी उनके प्रदर्शन पर नजर रखना जरूरी है, जहां वैभव सूर्यवंशी ने महाराष्ट्र के खिलाफ शतक लगाया है। मुझे लगता है कि उन्होंने काफी कुछ साबित किया है।” उन्होंने आगे कहा, “अगर कोई खिलाड़ी इस स्तर पर इतना अच्छा खेल रहा है, तो वह तैयार है। सूर्यवंशी भी तैयार हो सकते हैं, लेकिन सवाल यह है कि क्या टीम में उनके लिए जगह है, क्योंकि भारत में ओपनिंग के लिए पहले से ही बहुत सारे खिलाड़ी मौजूद हैं।”

वैभव शानदार प्रदर्शन कर रहे

संजय मांजरेकर ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी टी20 में आक्रामक खेलते हैं और बड़े शॉट लगाते हैं, लेकिन यही तरीका टेस्ट क्रिकेट में उतना कारगर नहीं होता, क्योंकि वहां ज्यादा धैर्य और अलग तकनीक की जरूरत होती है। संजय मांजरेकर ने कहा, “हाल के सालों में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले टी20 बल्लेबाजों को देखें, तो वैभव सूर्यवंशी लेग साइड की तरफ खड़े होकर मिडिल स्टंप की गेंद को पॉइंट की दिशा में मारते हैं, क्योंकि वह खुद के लिए जगह बनाते हैं। लेकिन टेस्ट क्रिकेट में सलाह यही होती है कि बल्लेबाज गेंद के करीब रहकर खेले।”

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।