Sanju Samson: भारतीय टी20 टीम में इस समय ओपनिंग और विकेटकीपर की जगह के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। खासकर टी20 फॉर्मेट में जहां खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ईशान किशन की टीम इंडिया में वापसी हुई, वहीं शुभमन गिल बाहर हो गए। वर्ल्ड कप में खराब फॉर्म के कारण संजू सैमसन को भी कुछ मैचों में प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठना पड़ा। इसके बाद ईशान किशन ने अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग की। वहीं अब संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप में ओपनिंग पोजिशन को लेकर चल रहे मुकाबले और टीम में जगह को लेकर खुलकर अपनी राय दी है।
संजू सैमसन ने सीएसके पॉडकास्ट पर अभिनव मुकुंद से बातचीत में कहा, "ईमानदारी से कहूं तो, ईशान किशन अचानक से टीम में आ गए। उन्होंने मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया, झारखंड को चैंपियन बनाया और उनकी कहानी भी काफी शानदार रही है।"
ईशान को लेकर संजू ने क्या कहा
संजू सैमसन ने आगे कहा, "हम सिर्फ खुद को देखते हैं, है ना? मुझे लगता है कि मैंने दिन-रात मेहनत की है, लेकिन हाल ही में मुझे लगा कि ईशान ने भी ऐसा ही किया है। पिछले दो सालों में वह सिस्टम से बाहर थे, लेकिन उन्होंने घरेलू क्रिकेट में खूब मेहनत की और शानदार वापसी की। उन्होंने लगातार रन बनाए और मुझे लगने लगा था कि वह मेरी जगह लेने आ रहे हैं।" संजू सैमसन ने माना कि ईशान किशन का प्रदर्शन इतना शानदार था कि उन्हें लगा कि टीम में जगह पाने के वह उनसे ज्यादा हकदार हैं।
सैमसन ने कहा, "त्रिवेंद्रम में जब उसने सेंचुरी बनाई, तो मैंने खुद से कहा, 'संजू, अब तुम बस उसे मौका दे दो। वह तुमसे ज्यादा इसका हकदार है। तुम्हें मौके मिले, लेकिन तुम रन नहीं बना पाए। वहीं, कोई खिलाड़ी शानदार फॉर्म में है।' वह मुश्ताक अली ट्रॉफी से शानदार प्रदर्शन करके आया, सब कुछ सही किया और फिर वर्ल्ड कप शुरू होने से ठीक पहले सेंचुरी भी बनाई। उस समय मुझे लगा, 'संजू, अब बस रहने दो।'"
संजू सैमसन, ईशान किशन और अभिषेक शर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे। इन खिलाड़ियों ने अहम पारियां खेलीं और भारत ने अपने इतिहास में तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया।