GT vs RCB Final: 'मौका मिला तो खेलने के लिए तैयार...' भारत के T20 टीम में लौटने को बेताब शुभमन गिल, खुद कही ये बात

Shubman Gill: आईपीएल 2026 फाइनल से पहले शुभमन गिल ने कहा कि अगर उन्हें भारतीय टी20 टीम में दोबारा मौका मिलता है तो उन्हें खुशी होगी। टी20 विश्व कप 2026 के लिए टीम में जगह नहीं मिलने के बाद अब आईपीएल में उनके शानदार प्रदर्शन ने टी20 टीम में उनकी वापसी की चर्चाओं को फिर से तेज कर दिया है

अपडेटेड May 30, 2026 पर 8:30 PM
Story continues below Advertisement
भारतीय टी20 टीम में जगह नहीं मिलने के बाद भी गिल ने अपनी तैयारी में कोई कमी नहीं छोड़ी है

Shubman Gill: आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला 31 मई को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें आईपीएल के दूसरे खिताब के लिए आपस में भिड़ेंगी। वहीं मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में गुजरात टाइटंस और भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि अगर उन्हें फिर से टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में मौका मिलता है तो उन्हें खुशी होगी। बता दें, गिल ने भारत के लिए अपना आखिरी टी20 मैच दिसंबर 2025 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था।

इसके बाद लगातार कुछ मैचों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने के कारण उन्हें इस साल टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली थी। अब आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद उनकी टी20 टीम में वापसी को लेकर फिर चर्चा शुरू हो गई है।

टी20 टीम में वापसी करना चाहते हैं गिल


गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “अगर मुझे टी20 टीम में चुना जाता है तो मुझे जरूर खुशी होगी। फिलहाल मेरा पूरा ध्यान अपने खेल को बेहतर बनाने पर है। मैं टी20, वनडे और टेस्ट, तीनों फॉर्मेट में खुद को लगातार बेहतर खिलाड़ी बनाना चाहता हूं।” उन्होंने आगे कहा, “क्रिकेट ऐसा खेल है जिसमें कोई भी खिलाड़ी पूरी तरह परफेक्ट नहीं हो सकता। लेकिन हर खिलाड़ी की कोशिश यही होती है कि वह लगातार खुद को बेहतर बनाए और अपने खेल में सुधार करे। मैं भी हमेशा यही कोशिश करता हूं।”

जिस पर नियंत्रण नहीं उस पर ध्यान नहीं देता

भारतीय टी20 टीम में जगह नहीं मिलने के बाद भी गिल ने अपनी तैयारी में कोई कमी नहीं छोड़ी है। गिल ने कहा, “भारतीय टी20 टीम में जगह न मिलने से मेरी तैयारी पर कोई असर नहीं पड़ा। मेरे लिए सबसे अहम बात यह है कि मैं आने वाले मैचों, सीरीज और टूर्नामेंट के लिए खुद को तैयार रखूं। यही तैयारी मुझे मानसिक रूप से तरोताजा रखती है।” उन्होंने आगे कहा, “मैं उन चीजों पर ध्यान देता हूं जो मेरे नियंत्रण में हैं। एक खिलाड़ी के तौर पर सफल होने और टीम को सफलता दिलाने के लिए क्या बेहतर करना है, मैं उसी पर फोकस करता हूं। यही सोच मुझे मानसिक रूप से मजबूत और फिट बनाए रखती है।”

टी20 में गिल का रिकॉर्ड

शुभमन गिल आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस की कप्तानी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना करेंगे। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका पिछला साल कुछ खास नहीं रहा था। 2025 में उन्होंने 15 टी20 मैच खेले, जिसमें वह 291 रन ही बना सके। इस दौरान उनका औसत 24.25 रहा और उनका सर्वोच्च स्कोर 47 रन था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।