GT vs RCB Final: गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल आज अपने आईपीएल करियर का चौथा फाइनल खेलने उतरेंगे। कप्तान के तौर पर शुभमन गिल का ये पहला फाइनल मुकाबला होगा। शानदार फॉर्म में चल रहे गिल के पास अपनी टीम को दूसरा आईपीएल खिताब दिलाने का बड़ा मौका है। वहीं गिल की टीम के सामने मौजूदा चैंपियन आरसीबी की मजबूत चुनौती होगी। दोनों टीमें एक-एक बार आईपीएल ट्रॉफी जीत चुकी हैं और अब दूसरी बार चैंपियन बनने के लिए मैदान में उतरेंगी। वहीं इस मैदान पर शुभमन गिल का रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है।
गुजरात टाइटंस आईपीएल में बहुत कम समय में शानदार प्रदर्शन किया है। टीम पांच सीजन में तीसरी बार फाइनल में पहुंची है। गुजरात ने अपने पहले ही सीजन में आईपीएल का खिताब जीता था और अगले साल भी फाइनल खेला था।
फाइनल की मेजबानी करने वाला नरेंद्र मोदी स्टेडियम शुभमन गिल का पसंदीदा मैदान भी माना जाता है। 26 वर्षीय गिल ने अपने आईपीएल करियर में अब तक 4,588 रन बनाए हैं, जिनमें से 1,374 रन इसी मैदान पर आए हैं। इतना ही नहीं, अपने पूरे टी20 करियर में उन्होंने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 32 पारियां खेलते हुए 165.56 के शानदार स्ट्राइक रेट से 1,500 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से चार शतक और सात अर्धशतक भी निकले हैं, जो इस मैदान पर उनके शानदार रिकॉर्ड को दर्शाते है।
गिल का नरेंद्र मोदी स्टेडियम का रिकॉर्ड
नरेंद्र मोदी स्टेडियम शुभमन गिल के लिए हमेशा से खास मैदान रहा है। इस मैदान पर उनका रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है और उन्होंने यहां कई यादगार पारियां खेली हैं। आईपीएल और टी20 क्रिकेट में गिल ने अहमदाबाद में लगातार रन बनाए हैं और कई बड़े स्कोर भी दर्ज किए हैं। ऐसे में फाइनल में भी गुजरात टाइटंस को उनसे एक और बड़ी पारी की उम्मीद होगी, क्योंकि इस मैदान पर उनका प्रदर्शन हमेशा टीम के लिए फायदेमंद साबित हुआ है।
आरसीबी के खिलाफ शुभमन गिल का रिकॉर्ड अच्छा रहा है और वह इस टीम के खिलाफ शतक भी लगा चुके हैं। फाइनल में गुजरात को उनसे एक और बड़ी पारी की उम्मीद होगी।