RCB vs GT: आईपीएल 2026 में 42वां मुकाबला गुजरात टाइटंस (GT) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच अहमदाबाद में खेला गया। मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने आई आरसीबी की पूरी टीम 19.2 ओवर में 155 रन पर ऑल आउट हो गई। टारगेट का पीछा करने उतरी गुजरात की टीम 15.5 ओवर में 6 विकेट खोकर आसानी से टारगेट को हासिल कर लिया। वहीं मैच जीतने के बाद शुभमन गिल का एक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गिल ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
अहमदाबाद में लगभग 90 हजार दर्शकों के सामने खेले गए मुकाबले के दौरान विराट कोहली ने शुभमन गिल का शानदार कैच पकड़ा। वहीं कैच लेने के बाद विराट कोहली ने अग्रेसिव अंदाज में इस विकेट को सेलिब्रेट किया था। मैच खत्म होने के बाद शुभमन गिल ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें विराट कोहली के साथ उनकी एक फोटो भी थी। गिल ने पोस्ट में लिखा, “बोल्ड खेलो जेसन होल्डर। आज रात टीम ने बोल्ड परफॉर्मेंस दी।”
विराट ने किया एग्रेसिव सेलिब्रेशन
शुभमन गिल ने तेज शुरुआत करते हुए सिर्फ 17 गेंदों में 43 रन बना दिए। लेकिन बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में वह भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर आउट हो गए। कवर्स पर खड़े विराट कोहली ने उनका शानदार कैच पकड़ा। विराट कोहली ने शुभमन गिल का कैच पकड़ने के बाद जोश में गेंद मैदान पर फेंकी और एग्रेसिव सेलिब्रेशन किया। आउट होने के बाद शुभमन गिल मायूस होकर डगआउट लौट गए। विराट के इस सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और फैंस ने इस पर कई तरह की रिएक्शन दे रहे हैं।
गुजरात की शानदार गेंदबाजी
विराट कोहली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए सिर्फ 12 गेंदों में 28 रन बनाए। हालांकि उनकी पारी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी और वह कगिसो रबाडा की गेंद पर आउट हो गए। आरसीबी को लगातार विकेट गिरने का नुकसान उठाना पड़ा और टीम बड़ी पारी नहीं खेल सकी।
अरशद खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 22 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं राशिद खान और जेसन होल्डर ने दो-दो विकेट झटके। इन शानदार गेंदबाजी की बदौलत बेंगलुरु की टीम 19.2 ओवर में 155 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की तरफ से देवदत्त पडिक्कल ने सबसे ज्यादा 40 रन बनाए।
गुजरात और आरसीबी मैच में थोड़ा विवाद भी हुआ, जब जेसन होल्डर ने आठवें ओवर में रजत पाटीदार का कैच पकड़ा। रजत 15 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हुए। रिप्ले में लगा कि गेंद जमीन को छू गई थी, लेकिन टीवी अंपायर ने कैच को सही माना। इसके बाद विराट कोहली अंपायरों से बात करते दिखे। वहीं कोच एंडी फ्लावर का भी मानना था कि जेसन होल्डर का गेंद पर पूरा कंट्रोल नहीं था।