आईपीएल 2026 में भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी अपनी गेंद से आग उगल रहे हैं। आईपीएल 2026 में मोहम्मद शमी लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेल रहे हैं। वहीं पिछले काफी समय से शमी घरेलू टूर्नामेंट में भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। शमी के शानदार प्रदर्शन के बाद से भारतीय टीम में उनकी वापसी के कयास लगने लगे हैं। वहीं भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की भारतीय टीम में वापसी का समर्थन किया है।
बता दें, मोहम्मद शमी पिछले काफी समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। कोलकाता में केकेआर के खिलाफ मैच से पहले गांगुली ने साफ कहा कि शमी अभी बेहतरीन लय में हैं और उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
गांगुली ने शमी को बताया शानदार गेंदबाज
सौरव गांगुली ने कहा, “उन्हें जसप्रीत बुमराह के दूसरे छोर से गेंदबाजी करनी चाहिए, कहीं और नहीं। वह इतने शानदार गेंदबाज हैं। हमने पिछली रात सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उनका स्पेल देखा चार ओवर में सिर्फ नौ रन दिए और ट्रैविस हेड व अभिषेक शर्मा जैसे बेहतरीन टी20 बल्लेबाजों को आउट किया। वह वाकई कमाल था।” मोहम्मद शमी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 9 रन देकर 2 विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच बने। इस प्रदर्शन से भारतीय टीम में उनकी वापसी की उम्मीद और मजबूत हो गई है।
रणजी ट्रॉफी में किया था बेहतरीन प्रदर्शन
सौरव गांगुली ने कहा कि शमी लगातार अच्छा खेल दिखा रहे हैं, खासकर घरेलू क्रिकेट में बंगाल क्रिकेट टीम के लिए रणजी ट्रॉफी में उनका प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने कहा, “बंगाल के लिए रणजी ट्रॉफी में उनका सीजन बेहद शानदार रहा। मुझे आज भी वह सेमीफाइनल याद है, हालांकि बंगाल मैच हार गया था, लेकिन उन्होंने आठ विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया था। टीम को वहां तक पहुंचाने में उनका बड़ा योगदान रहा।”
उन्होंने कहा, “मुझे बहुत अच्छा लगता है कि वह रणजी ट्रॉफी में खेलना जारी रखना चाहते हैं। एक तेज गेंदबाज के लिए यह आसान नहीं होता, लेकिन मोहम्मद शमी को नई गेंद के साथ दौड़कर गेंदबाजी करते देखना सबसे खास होता है।”
शमी अभी अपने बेहतरीन दौर में
तेज गेंदबाजी की शारीरिक मांगों पर बात करते हुए गांगुली ने कहा कि मोहम्मद शमी अभी भी अपने बेहतरीन दौर में हैं। उन्होंने कहा, “वह पूरी तरह फिट और तेज दिख रहे हैं। जब कोई गेंदबाज लंबे समय तक लगातार गेंदबाजी करता है, तो वह अपने आप ही बेहतरीन फॉर्म में आ जाता है, चाहे कितने भी ट्रेनिंग मैच खेले हों। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूँ और उन्हें फिर से भारत की जर्सी में खेलते देखना चाहूंगा।”
सौरव गांगुली ने कहा, “मुझे अब भी लगता है कि शमी को भारत के लिए खेलना चाहिए। उम्मीद है कि उसका समय फिर आएगा, क्योंकि वह इतने शानदार गेंदबाज हैं। जब उनकी गेंद सीधी सीम के साथ निकलती है, तो उसे देखना वाकई मजेदार होता है।”
मोहम्मद शमी लगातार हर फॉर्मेट में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, इसके बावजूद टीम से बाहर रहने पर चर्चा तेज हो गई है। घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद मोहम्मद शमी को अभी तक भारतीय टीम में मौका नहीं मिला है। चयनकर्ता अजीत अगरकर की अगुवाई में उन्हें नजरअंदाज किया गया है, जबकि उनकी फॉर्म देखकर लगता है कि वह वापसी के हकदार हैं।