SRH vs RR Eliminator: हैदराबाद और राजस्थान के लिए करो या मरो का मैच, वैभव-अभिषेक पर होंगी निगाहें

SRH vs RR Eliminator: आईपीएल 2026 का एलिमिनेटर मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच 27 मई को न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। दोनों टीमों के लिए ये करो या मरो का मुकाबला होगा। इस मैच को हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। वहीं जीतने वाली टीम क्वालिफायर-1 में हारने वाली टीम से भिड़ेगी। मैच से पहले जानें कैसी होगी दोनों टीमों की प्लेइंग 11 और पिच रिपोर्ट

अपडेटेड May 26, 2026 पर 6:45 PM
Story continues below Advertisement
RCB vs GT IPL 2026 Match Live Score: आईपीएल 2026 का एलिमिनेटर मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा

SRH vs RR Eliminator:  आईपीएल 2026 का एलिमिनेटर मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के लिए ये करो या मरो का मुकाबला बुधवार 27 मई को न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। एलिमिनेटर मुकाबला हारने वाली टीम का आईपीएल का सफर यहीं पर खत्म हो जाएगा। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम क्वालिफायर-1 में हारने वाली टीम से भिड़ेगी और फिर फाइनल में जगह बनाने के लिए मुकाबला करेगी। आईपीएल 2026 का फाइनल रविवार, 31 मई को अहमदाबाद में खेला जाएगा। मैच से पहले जानें कैसी होगी दोनों टीमों की प्लेइंग 11 और पिच रिपोर्ट

आईपीएल 2026 में दोनों टीमों का प्रदर्शन

आईपीएल 2026 के इस सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार खेल दिखाया और 14 लीग मैचों में से 9 जीतकर अंक तालिका में तीसरा स्थान हासिल किया। सनराइजर्स हैदराबाद की जीत में टीम के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों का अहम योगदान रहा। अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन टी के लिए लगातार रन बना रहे हैं। वहीं गेंदबाजी में ईशान मलिंगा ने बढ़िया प्रदर्शन करते हुए अपने चार ओवर में 33 रन देकर दो विकेट हासिल किए।


दूसरी तरफ राजस्थान रॉयल्स भी शानदार फॉर्म में चल रही है। अंक तालिका में राजस्थान की टीम चौथे स्थान पर है। टीम ने अपने पिछले मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 30 रन से हराकर प्लेऑफ में जगह पक्की की थी। राजस्थान को वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने अबतक शानदार शुरुआत दिलाई है। वहीं गेंदबाजी में जोर्फा आर्चर ने कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं।

इससे पहले दोनों मुकाबलों में हैदराबाद ने मारी बाजी

इस सीज़न में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स की टीमें दो बार आमने-सामने आ चुकी हैं और दोनों मुकाबलों में सनराइजर्स हैदराबाद ने जीत दर्ज की है। हैदराबाद में खेले गए मैच में टीम ने 57 रन से बड़ी जीत हासिल की थी, वहीं जयपुर में हुए मुकाबले में सनराइजर्स ने पांच विकेट से मैच अपने नाम किया था।

आईपीएल फाइनल में कब-कब पहुंची दोनों टीमें

सनराइजर्स हैदराबाद की नजर तीन साल में दूसरी बार आईपीएल फाइनल में पहुंचने पर होगी। टीम 2016 के बाद अपना पहला खिताब जीतने की कोशिश करेगी। वहीं राजस्थान रॉयल्स आखिरी बार 2022 में फाइनल में पहुंची थी, लेकिन तब उसे गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार मिली थी। राजस्थान ने आईपीएल का पहला सीजन 2008 में जीता था और उसके बाद से टीम दोबारा ट्रॉफी अपने नाम नहीं कर सकी है।

दोनों टीमों का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच अब तक टी20 क्रिकेट में कुल 23 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें सनराइजर्स हैदराबाद का पलड़ा भारी रहा है। सनराइजर्स हैदराबाद ने 14 मैच जीते हैं। वहीं राजस्थान रॉयल्स को 9 मुकाबलों में जीत मिली है। दोनों टीमों के बीच अब तक कोई मैच टाई नहीं हुआ और न ही कोई मुकाबला बिना नतीजे के खत्म हुआ है।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11

सनराइजर्स हैदराबाद की संभावित प्लेइंग 11

अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (WK), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, स्मरण रविचंद्रन, नीतीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (C), हर्षल पटेल, शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन

इम्पैक्ट प्लेयर: ट्रैविस हेड

राजस्थान रॉयल्स की संभावित प्लेइंग 11

यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (WK), रियान पराग (C), डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, दसुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, यशराज पुंजा, बृजेश शर्मा

इम्पैक्ट प्लेयर: रवींद्र जडेजा

बल्लेबाज या गेंदबाज किसे मिलेगा फायदा

न्यू चंडीगढ़ की महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम इस सीजन बल्लेबाजों के लिए काफी मददगार साबित हुआ है। यहां कई हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिले हैं। इतना ही नहीं, इस मैदान पर 220 से ऊपर के टारगेट भी आसानी से हासिल किए जा चुके हैं। छोटे बाउंड्री और तेज आउटफील्ड की वजह से बल्लेबाजों को रन बनाने में काफी आसानी होती है, जिसके चलते यह मैदान बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग जैसा माना जा रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।