MS Dhoni: आईपीएल का अगला सीजन खेलेंगे धोनी? सुरेश रैना के सवाल पर माही ने दिया ये जवाब

सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ में जगह बना ली। मैच के दौरान महेंद्र सिंह धोनी भी स्टेडियम में नजर आए और मुकाबले के बाद उन्होंने मैदान का चक्कर लगाकर फैंस का अभिवादन किया

अपडेटेड May 19, 2026 पर 3:10 PM
Story continues below Advertisement
धोनी ने अभी तक सीएसके के लिए दोबारा खेलने की संभावना से पूरी तरह इनकार नहीं किया है

आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच अहम मुकाबला 18 मई को एक चेपॉक में खेला गया। इस मैच में हैदराबाद ने चेन्नई को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह बना ली। वहीं हैदराबाद से हारने के बाद चेन्नई के लिए प्लेऑफ की राह और मुश्किल हो गई है। वहीं चेपॉक में खेले गए इस मुकाबले में पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी स्टेडियम में नजर आए। मैच खत्म होने के बाद धोनी ने मैदान का चक्कर लगाकर दर्शकों का अभिवादन भी किया। उन्हें करीब से देखकर फैंस काफी एक्साइटेड दिखे और पूरे स्टेडियम में जबरदस्त माहौल देखने को मिला।

वहीं इसी बीच कुछ लोग कयास लगा रहे हैं कि धोनी आईपीएल के अगले सीजन में खिलाड़ी के तौर पर मैदान पर नजर नहीं आ सकते। वहीं इस पर पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना ने बड़ा बयान दिया है।

सुरेश रैना ने क्या कहा


सुरेश रैना ने बताया कि उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी से अगले आईपीएल सीजन में खेलने को कहा, लेकिन धोनी ने इस पर कोई साफ जवाब नहीं दिया। सुरेश रैना ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, “मैंने उनसे कहा, ‘आपने आईपीएल 2026 को सिर्फ मिस्ड कॉल दिया है, ये सीजन नहीं गिना जाएगा। आपको अगले साल फिर लौटना होगा।’ इस पर महेंद्र सिंह धोनी ने जवाब दिया, ‘नहीं यार, अब शरीर पहले जैसा साथ नहीं दे रहा।’ मैंने फिर उनसे कहा, ‘हमें इस बात पर यकीन नहीं हो रहा, आपको अगले साल जरूर खेलना चाहिए।’ ये उनका पर्सनल फैसला है। मुझे लगता है, वह पॉजिटिव हैं। टीम भी फिर से अच्छी तरह से घुल-मिल रही है।”

धोनी ने पूरी तरह नहीं किया इनकार

धोनी ने अभी तक सीएसके के लिए दोबारा खेलने की संभावना से पूरी तरह इनकार नहीं किया है। सुरेश रैना ने कहा, “फैंस भी चाहते हैं कि धोनी फिर मैदान पर लौटें। जब उनसे इस बारे में बात हुई तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा, ‘देखते हैं।’ अगर वह ऐसा कह रहे हैं, तो इसका मतलब है कि अभी उम्मीद बाकी है। हो सकता है वह फिर से मेहनत करें और अगले सीजन में खेलते नजर आएं।”

चोट की वजह से नहीं खेले एक भी मुकाबला

इस सीजन में फिटनेस समस्याओं की वजह से धोनी अभी तक चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए हैं, जिससे उनके संन्यास की अटकलें और बढ़ गई हैं। आईपीएल 2026 की शुरुआत से ही धोनी की फिटनेस को लेकर लगातार खबरें सामने आती रहीं। ट्रेनिंग कैंप के दौरान धोनी की पिंडली में खिंचाव आ गया था, जिसकी वजह से वह शुरुआती मुकाबलों में नहीं खेल सके। इसके बाद उनके अंगूठे में भी चोट लगने की वह से उन्हें सीएसके के आईपीएल 2026 के आखिरी घरेलू मैच से भी बाहर रहना पड़ा। लगातार चोटों के कारण उनके भविष्य को लेकर फैंस के बीच चिंता बढ़ गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।