मैदान पर भिड़े विराट कोहली और ट्रेविस हेड, लड़ाई के बाद ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी की पत्नी को मिली गालियां? छलका दर्द

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए आईपीएल मुकाबले में हैदराबाद ने जीत दर्ज की। मैच के दौरान विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच मैदान पर विवाद हो गया था। वहीं अब इस विवाद पर ट्रेविस हेड की पत्नी जेसिका ने बताया कि हेड के साथ कोहली से हुई नोकझोंक के बाद उन्हें और उनके परिवार को ऑनलाइन गालियों और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है

अपडेटेड May 25, 2026 पर 2:59 PM
आईपीएल का 67वां मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला गया

आईपीएल 2026 लीग के मुकाबले खत्म होने के बाद अब प्लेऑफ के मुकाबले शुरू होंगे। इसी बीच विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच मैदान पर हुआ विवाद अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। विराट और हेड के बीच आईपीएल के 67वें मुकाबले के दौरान मैदान पर विवाद हो गया था। वहीं मैच खत्म होने के बाद विराट कोहली ने ट्रेविस हेड से हाथ भी नहीं मिलाया था, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वहीं अब इस विवाद पर ट्रेविस हेड की पत्नी जेसिका ने बड़ा खुलासा किया है।

जेसिका ने बताया कि उन्हें और उनके परिवार को मैदान पर हेड के साथ कोहली से हुई तीखी नोकझोंक के बाद ऑनलाइन गालियों और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। जेसिका ने इस तरह की ऑनलाइन नफरत को दुखद बताते हुए कहा कि खेल को खेल की भावना से ही देखना चाहिए।

क्या थी घटना


आईपीएल का 67वां मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला गया। इस मुकाबले में हैदराबाद ने आरसीबी को 55 रन से हराया। वहीं मैच के दौरान विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच तनाव साफ नजर आया। मैच के दौरान जब ट्रैविस हेड जल्दी आउट हुए तो विराट ने काफी जोश के साथ उनका विकेट सेलिब्रेट किया। इसके बाद दूसरी पारी में भी विराट को हेड की तरफ इशारे करते देखा गया। मैच खत्म होने के बाद मामला तब ज्यादा चर्चा में आया, जब हेड ने हाथ मिलाने के लिए हाथ बढ़ाया, लेकिन विराट बिना कोई रिएक्शन दिए आगे बढ़ गए। इस पूरे घटनाक्रम ने फैंस के बीच काफी बहस छेड़ दी।

 

2023 में भी झेलनी पड़ी थी आलोचना

विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच हुए विवाद के बाद सोशल मीडिया पर माहौल काफी गर्म हो गया। कुछ लोगों ने ट्रैविस हेड और उनकी पत्नी जेसिका को सोशल मीडिया पर ट्रोल करना शुरू कर दिया। जेसिका ने कहा कि 2023 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद भी उन्हें इसी तरह की ऑनलाइन नफरत झेलनी पड़ी थी।

मेरे दोस्तो और परिवार को निशाना बना रहे...

ऑस्ट्रेलियाई मीडिया आउटलेट, द एडवरटाइजर से बात करते हुए जेसिका ने कहा, "ऐसा लग रहा है जैसे वर्ल्ड कप के बाद मिली गाली-गलौज फिर से दोहराई जा रही हो। मैं सुबह उठी तो देखा कि मेरा सोशल मीडिया भरा पड़ा था... हम तो ठीक हैं, लेकिन लोग मेरे दोस्तों और परिवार को भी निशाना बना रहे हैं।"

खेल के लिए जुनून हमेशा रहेगा...

उन्होंने आगे कहा, "मुझे लगता है कि इस समय हर खेल में मेंटल हेल्थ, लोगों के नजरिए और हम एक-दूसरे से किस तरह बात करते हैं, इस पर गंभीर चर्चा हो रही है।" जेसिका ने आगे कहा, "खेल के लिए जुनून हमेशा रहेगा, लेकिन लोगों को ये भी समझना चाहिए कि खिलाड़ियों के पीछे उनके परिवार और असली जिंदगी भी होती है। उम्मीद है कि इससे लोगों के बीच ज्यादा समझदारी, दया और सपोर्ट देखने को मिलेगा।"

प्लेऑफ में पहुंची दोनों टीमें

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स दोनों टीमों ने प्लेऑफ में अपनी जगह बना ली है। अब 26 मई मंगलवार को क्वालिफायर-1 में RCB की भिड़ंत गुजरात टाइटंस से होगी, वहीं अगले दिन एलिमिनेटर मुकाबले में हैदराबाद का सामना राजस्थान रॉयल्स से होगा। अगर दोनों टीमें अपने-अपने मुकाबलों में आगे बढ़ती हैं, तो उनके बीच फिर से क्वालिफायर-2 या फाइनल में टक्कर देखने को मिल सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।