Urvil Patel: 13 गेंदों में जड़ा पचासा...जड़े आठ छक्के, उर्विल पटेल ने IPL की सबसे तेज हाफ सेंचुरी लगाने के बाद दिखाई पर्ची

Urvil Patel: चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाज उर्विल पटेल ने आईपीएल 2026 में सिर्फ 13 गेंदों में अर्धशतक लगाकर सबसे तेज फिफ्टी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। उन्होंने 23 गेंदों में 65 रन की तूफानी पारी खेली। फिफ्टी के बाद उनका खास सेलिब्रेशन भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है

अपडेटेड May 10, 2026 पर 10:01 PM
उर्विल पटेल ने सातवें ओवर में मोहम्मद शमी की गेंद पर सिंगल लेकर अपना तूफानी अर्धशतक पूरा किया

आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के युवा बल्लेबाज उर्विल पटेल ने इतिहास रच दिया है। सिर्फ 13 गेंदों में अर्धशतक जड़कर आईपीएल की सबसे तेज फिफ्टी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इससे पहले यशस्वी जायसवाल ने 2023 में केकेआर के खिलाफ 13 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी। उर्विल ने अपनी शानदार पारी में आठ लंबे छक्के और 2 चौके लगाए और 23 गेंदों पर 65 रन बनाकर आउट हुए। वहीं फिफ्टी लगाने के बाद उर्विल का सेलिब्रेशन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

फिफ्टी के बाद उर्विल ने दिखाया नोट

उर्विल पटेल ने सातवें ओवर में मोहम्मद शमी की गेंद पर सिंगल लेकर अपना तूफानी अर्धशतक पूरा किया। फिफ्टी पूरी होते ही उन्होंने अलग अंदाज में जश्न मनाया। फिफ्टी लगाने के बाद उर्विल ने सबसे पहले ड्रेसिंग रूम की तरफ हाथ जोड़कर खुशी जाहिर की। उर्विल ने सबसे पहले बल्ला नीचे रखा, फिर हाथ जोड़कर आसमान की ओर देखा और अपना हेलमेट उतार दिया। इसके बाद उर्विल ने जेब से एक छोटा सा कागज निकाला, जिस पर लिखा था, “पापा, यह आपके लिए है।” सोशल मीडिया पर ये उर्विल का ये नोट तेजी से वायरल हो रहा है।


 

नहीं टूटा युवराज का रिकॉर्ड

शानदार फॉर्म में चल रहे उर्विल ने अपनी पहली 11 गेंदों में ही सात छक्के लगा दिए। उनकी तेज बल्लेबाजी देखकर ऐसा लग रहा था कि वह युवराज सिंह का 12 गेंदों में अर्धशतक लगाने वाला रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं। वहीं उर्विल पटेल युवराज सिंह का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए, लेकिन उन्होंने आईपीएल इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक लगाने के यशस्वी जायसवाल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स ने सिर्फ आठ ओवर में ही 204 रन के टारगेट को हासिल कर लिया।

कैसी थी उर्विल पटेल का पारी

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए चौथे ओवर में संजू सैमसन के आउट होने के बाद उर्विल पटेल बल्लेबाजी करने आए। शुरुआत में उन्होंने एक रन लिया, लेकिन इसके बाद उन्होंने तेजी से रन बनाना शुरू कर दिया। उर्विल ने आवेश खान की गेंदों पर लगातार तीन छक्के लगाए। फिर पावरप्ले के आखिरी ओवर में दिग्वेश राठी के खिलाफ भी तीन छक्के और एक चौका जड़ दिया। सातवें ओवर में मोहम्मद शमी की गेंद पर सिंगल लेकर उन्होंने सिर्फ 13 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। उर्विल ने 23 गेंदों में 65 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें कई बड़े शॉट शामिल थे।

आखिर में शाहबाज अहमद ने उन्हें आउट किया। तब तक चेन्नई की टीम मजबूत स्थिति में पहुंच चुकी थी और 10 ओवर में 131 रन बना चुकी थी। उर्विल ने रुतुराज गायकवाड़ के साथ दूसरे विकेट के लिए 34 गेंदों में 81 रन की तेज साझेदारी भी की।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।