Vaibhav Sooryavanshi: रजत पाटीदार से लेकर रैना तक... वैभव सूर्यवंशी ने हिलाकर रख दी आईपीएल की रिकॉर्ड्स बुक

Vaibhav Sooryavanshi: आईपीएल 2026 में अपने धमाकेदार प्रदर्शन से राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी लगातार सुर्खियां में बने हुए हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन बनाकर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए

अपडेटेड May 28, 2026 पर 6:47 PM
Story continues below Advertisement
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में लगातार छक्के लगाकर नया इतिहास बना दिया है

आईपीएल में इस समय 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का नाम चर्चा में हैं। वैभव हर मैच में कोई ना कोई नया रिकॉर्ड बना रहे हैं या फिर किसी पुराने रिकॉर्ड को तोड़ रहे हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव ने 29 गेंदों में 97 रन की शानदार पारी खेली। वहीं इस मुकाबले में वैभव क्रीस गेल का सबसे तेज सेंचुरी लगाने का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए। लेकिन वैभव ने क्रिस गेल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वहीं अपनी इस पारी के दौरान वैभव ने कई सारे रिकॉर्ड की झड़ी लगा दी। वैभव की इस पारी ने आईपीएल के रिकॉर्ड बुक्स को हिलाकर रख दिया। आइए जानते हैं उन रिकॉर्ड के बारे में

एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में लगातार छक्के लगाकर नया इतिहास बना दिया है। वैभव ने इस सीजन में कुल 65 छक्के लगाए हैं, जो किसी भी टी20 टूर्नामेंट में अब तक सबसे ज्यादा हैं। इसी के साथ वैभव ने क्रिस गेल का 2012 का पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया, जब गेल ने एक सीजन में 59 छक्के लगाए थे।


तोड़ा वॉर्नर का रिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में पावरप्ले के दौरान 490 रन बनाकर नया इतिहास रच दिया है। पहले छह ओवरों में किसी बल्लेबाज द्वारा इतने रन आईपीएल में पहले कभी नहीं बने थे। उन्होंने डेविड वॉर्नर का 2016 का पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया, जब वॉर्नर ने पावरप्ले में 467 रन बनाए थे।

स्ट्राइक रेट 300 से ज्यादा

वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 334.48 रहा, जो टी20 क्रिकेट में 90 से ज्यादा रन वाली सबसे तेज और खतरनाक पारियों में गिना जा रहा है।

इससे पहले ये रिकॉर्ड रजत पाटीदार के नाम था, जिन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 33 गेंदों में नाबाद 93 रन बनाते हुए 281.81 की स्ट्राइक रेट हासिल की थी। लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी से इस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।

गेल से कम गेंदों में तोड़ा रिकॉर्ड

छक्के लगाने के दौरान वैभव सूर्यवंशी की तेज बल्लेबाजी देखने को मिली। जहां क्रिस गेल ने अपने 59 छक्के लगाने के लिए 456 गेंदों का सामना किया था, वहीं वैभव ने सिर्फ 280 गेंदों में ही 65 छक्के जड़ दिए। कम गेंदों में इतने ज्यादा छक्के लगाकर उन्होंने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का दम दिखा दिया।

रैना की बराबरी की

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ नॉकआउट में वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 16 गेंदों में फिफ्टी लगाकर नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। यह आईपीएल प्लेऑफ और नॉकआउट मुकाबलों के इतिहास की संयुक्त रूप से सबसे तेज फिफ्टी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड सुरेश रैना के नाम था, जिन्होंने 2014 के क्वालिफायर-2 में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 16 गेंदों में अर्धशतक बनाया था। अब वैभव सूर्यवंशी ने भी इस खास सूची में अपनी जगह बना ली है।

सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से टी20 क्रिकेट में नया इतिहास बना दिया है। उन्होंने 15 पारियों में 680 रन बनाए हैं और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 242.85 रहा। टी20 इतिहास में पहली बार किसी बल्लेबाज ने 600 से ज्यादा रन बनाते हुए 200 से ऊपर का स्ट्राइक रेट रखा है। इससे पहले ये रिकॉर्ड रिली रूसो के नाम था, जिन्होंने 2022 टी20 ब्लास्ट में 623 रन 192.28 की स्ट्राइक रेट से बनाए थे। वैभव ने अपने शानदार प्रदर्शन से उस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।

वैभव ने बनाए कई रिकॉर्ड

आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से नया रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों की पारी में 12 शानदार छक्के लगाए। इसके साथ ही वह आईपीएल की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं।

प्लेऑफ में सबसे ज्यादा छक्के

वैभव सूर्यवंशी ने पहले उन्होंने जयपुर में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ भी एक पारी में 12 छक्के लगाए थे। खास बात ये है कि आईपीएल प्लेऑफ या नॉकआउट मुकाबलों में अब तक किसी बल्लेबाज ने 12 छक्के नहीं लगाए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड शुभमन गिल के नाम था, जिन्होंने 2023 के क्वालिफायर-2 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 10 छक्के जड़े थे।

वैभव सूर्यवंशी इस सीजन इतनी तेज बल्लेबाजी कर रहे हैं कि वह औसतन हर 4.3 गेंद पर एक छक्का लगा रहे हैं। ये रिकॉर्ड टी20 क्रिकेट के सबसे बड़े सिक्स हिटर्स में गिने जाने वाले क्रिस गेल से भी काफी बेहतर है, जो अपने रिकॉर्ड वाले सीजन में हर 7.7 गेंद पर एक छक्का लगाते थे।

आईपीएल के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि किसी बल्लेबाज ने पहली 24 गेंदों में ही 10 छक्के लगा दिए हो। आईपीएल के इतिहास में अब तक किसी ने भी इतने छक्के नहीं लगाए हैं। क्रिस गेल ने 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 10 छक्कों के लिए 27 गेंदें ली थीं। वैभव ने इस रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया।

हैदराबाद के खिलाफ वैभव ने पावरप्ले में ही तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 8 छक्के जड़ दिए। इससे पहले कई खिलाड़ी एक पारी के पावरप्ले में 7 छक्के लगा चुके थे, जिनमें खुद वैभव सूर्यवंशी भी शामिल थे। लेकिन अब ये खास रिकॉर्ड सिर्फ वैभव के नाम पर दर्ज हो गया है।

वैभव सूर्यवंशी अब आईपीएल में 10 या उससे ज्यादा छक्कों वाली 4 पारियां खेल चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने क्रिस गेल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

वैभव सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास में तीन बार 300 से ज्यादा स्ट्राइक रेट के साथ 50 से अधिक रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। वहीं पूरे टी20 क्रिकेट की बात करें तो वैभव चौथी बार इस उपलब्धि तक पहुंचे हैं और उन्होंने इस मामले में कीरोन पोलार्ड के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

वैभव सूर्यवंशी अब आईपीएल में पांच बार पावरप्ले के अंदर ही अपना अर्धशतक पूरा कर चुके हैं। इस मामले में उनसे आगे सिर्फ डेविड वॉर्नर हैं, जिन्होंने अपने आईपीएल करियर में छह बार ये उपलब्धि हासिल की थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।