Vaibhav Sooryavanshi: 776 रन, ऑरेंज कैप और फिर टूटा सपना, हार के बाद वैभव सूर्यवंशी का भावुक पोस्ट वायरल

Vaibhav Sooryavanshi : राजस्थान रॉयल्स की निराशाजनक हार के बाद 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी डगआउट में भावुक होकर रोते नजर आए। वैभव ने इस मुकाबले में भी शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन उनकी टीम जीत हासिल नहीं कर सकी। हार का एहसास होते ही वह काफी मायूस दिखे और डगआउट में चुपचाप बैठे रहे

अपडेटेड May 30, 2026 पर 3:02 PM
Story continues below Advertisement
वैभव सूर्यवंशी की टीम का इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में सफर खत्म हो गया।

Vaibhav Sooryavanshi : वैभव सूर्यवंशी की टीम का इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में सफर खत्म हो गया। आईपीएल ट्रॉफी जीतने का सपना उस समय टूटा जब क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्हें 7 विकेट से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। वैभव सूर्यवंशी ने अकेले दम पर आरआर को फाइनल तक पहुंचाने की बेहद कोशिश की। टीम की इस निराशाजनक हार के बाद 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अपने जज़्बात नहीं संभाल सके और डगआउट में भावुक होकर रोते नजर आए। आईपीएल ट्रॉफी जीतने का सपना टूटने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने इंस्टाग्राम पर इमोशनल स्टोरी पोस्ट की, जो अब वायरल हो रही है।

वैभव ने किया इमोशनल पोस्ट

बता दें कि, वैभव सूर्यवंशी ने लिखा, "अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि 20 ओवर में इमोशन कितनी जल्दी बदल सकते हैं। आज रात दुख दे रही है। बहुत दुख दे रही है। दुख, फ्रस्ट्रेशन, निराशा और भी बहुत कुछ है जिसके साथ हमें बैठना होगा। क्रेडिट जहां मिलना चाहिए, शुभमन गिल और गुजरात टाइटन्स आज रात शानदार थे।


टूटा राजस्थान का सपना

राजस्थान रॉयल्स की निराशाजनक हार के बाद 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी डगआउट में भावुक होकर रोते नजर आए। वैभव ने इस मुकाबले में भी शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन उनकी टीम जीत हासिल नहीं कर सकी। हार का एहसास होते ही वह काफी मायूस दिखे और डगआउट में चुपचाप बैठे रहे। पूरे सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले वैभव टीम के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में शामिल रहे। मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान को 7 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली।

हार के बाद बेहद भावुक दिखे वैभव

इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस अब फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना करेगी, जबकि राजस्थान रॉयल्स का खिताबी सपना एक बार फिर अधूरा रह गया। हार के बाद वैभव सूर्यवंशी काफी भावुक हो गए थे। टीवी कैमरों में देखा गया कि राजस्थान रॉयल्स के कई खिलाड़ी और टीम स्टाफ उनके पास पहुंचकर उनका हौसला बढ़ा रहे थे। अनुभवी खिलाड़ी रविंद्र जडेजा भी उन्हें सांत्वना देने वालों में शामिल थे। वहीं, टीम मैनेजर रोमी भिंडर और सपोर्ट स्टाफ के अन्य सदस्य भी वैभव को संभालते नजर आए। एक समय उन्होंने कैमरों से बचने के लिए तौलिए से अपना चेहरा भी ढक लिया।

जमकर बोला बल्ला

वैभव सूर्यवंशी ने इस मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में 96 रन बनाए। उनकी बेहतरीन पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने 215 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। बाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने एक बार फिर वही निडर अंदाज दिखाया, जिसकी वजह से वह पूरे सीजन चर्चा में रहे। एक समय ऐसा लग रहा था कि वैभव इस सीजन का एक और शतक पूरा कर लेंगे। हालांकि, वह अपने शतक से सिर्फ 4 रन दूर रह गए और 96 रन बनाकर आउट हो गए। दिलचस्प बात यह है कि पिछले चार आईपीएल मैचों में यह तीसरी बार रहा, जब वह 90 से अधिक रन बनाने के बाद भी शतक तक नहीं पहुंच सके।

इस सीजन में बनाए 776 रन

वैभव ने इस सीजन 16 मैचों में 48.50 की शानदार औसत और 237.31 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से कुल 776 रन बनाए। पूरे टूर्नामेंट में लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने ऑरेंज कैप भी अपने नाम की। भले ही राजस्थान रॉयल्स ट्रॉफी नहीं जीत सकी, लेकिन वैभव सूर्यवंशी का यह सीजन आईपीएल इतिहास के सबसे यादगार और शानदार उभरते प्रदर्शनों में गिना जाएगा। उन्होंने साबित कर दिया कि आने वाले वर्षों में वह भारतीय क्रिकेट के बड़े सितारे बन सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।