IPL 2026: फैंस को पंसद आ रहा वैभव सूर्यवंशी का बेखौफ अंदाज, विराट-धोनी जैसी बढ़ी जर्सी की डिमांड

Vaibhav Sooryavanshi: आईपीएल में महेंद्र सिंह धोनी की 7 नंबर जर्सी, विराट कोहली की 18 नंबर जर्सी और रोहित शर्मा की 45 नंबर जर्सी पहले से ही फैंस के बीच काफी लोकप्रिय हैं। वहीं अब वैभव सूर्यवंशी की 03 नंबर जर्सी भी तेजी से लोगों की पसंद बनती जा रही है

अपडेटेड May 28, 2026 पर 3:43 PM
Vaibhav Sooryavanshi: इस सीजन में वैभव सूर्यवंशी की जर्सी की डिमांड काफी बढ़ गई है

Vaibhav Sooryavanshi: आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अपनी तूफानी बल्लेबाजों से सभी को हैरान कर दिया। सिर्फ 15 साल की उम्र में वैभव ने अपनी टीम के लिए कई यादगार पारियां खेलीं और अब वह टीम के सबसे बड़े सितारों में गिने जा रहे हैं। वैभव अपने बेखौफ अंदाज, लगातार बड़े शॉट और रिकॉर्डतोड़ छक्कों की वजह से फैंस के बीच काफी फेमस हो गए हैं। उनकी बल्लेबाजी को देखकर क्रिकेट के बड़े खिलाड़ी भी उनकी तारीफ कर रहे हैं। वहीं इसी बीच वैभव की जर्सी की डिमांड विराट कोहली और धोनी के बराबर बताई जा रही है।

आईपीएल में महेंद्र सिंह धोनी की 7 नंबर जर्सी, विराट कोहली की 18 नंबर जर्सी और रोहित शर्मा की 45 नंबर जर्सी पहले से ही फैंस के बीच काफी लोकप्रिय हैं। अब वैभव सूर्यवंशी की 03 नंबर जर्सी भी तेजी से लोगों की पसंद बनती जा रही है। छोटी उम्र में शानदार बल्लेबाज़ी और बड़े शॉट खेलने की वजह से वैभव ने खासकर राजस्थान रॉयल्स के फैंस का दिल जीत लिया है। अब कई लोग उन्हें टीम का नया स्टार खिलाड़ी मानने लगे हैं।

टीम की सबसे ज्यादा बिकने वाली जर्सी बनी


द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस सीजन में वैभव सूर्यवंशी की जर्सी की डिमांड काफी बढ़ गई है। फ्रेंचाइजी के मुताबिक, उन्होंने पहले कभी किसी खिलाड़ी की जर्सी को लेकर ऐसा क्रेज नहीं देखा। राजस्थान रॉयल्स के एक सूत्र ने द इंडियन एक्सप्रेस से कहा, “वैभव सूर्यवंशी की जर्सी की बहुत ज्यादा मांग है। हर कोई सिर्फ उनकी जर्सी ही खरीदना चाहता है। ये टीम की सबसे ज्यादा बिकने वाली जर्सी बन गई है। हमने पहले कभी ऐसा उत्साह नहीं देखा।”

क्वालिफायर-2 में पुहंची राजस्थान

न्यू चंडीगढ़ में खेले गए एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन की तूफानी पारी खेली। पैट कमिंस की कप्तानी वाली मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के सामने इस युवा बल्लेबाज ने बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी की। राजस्थान रॉयल्स को शानदार जीत दिलाते हुए टीम को क्वालिफायर-2 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। वैभव ने इस सीजन ने एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में क्रिस गेल का पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए 65 छक्कों का आंकड़ा पार कर लिया।

जीत के बाद वैभव ने क्या कहा

सिर्फ 15 साल की उम्र में वैभव ने अपनी बेखौफ बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया है। उनकी विस्फोटक पारियों और आक्रामक अंदाज़ ने फैंस को हैरान किया है। वहीं मैच के बाद सूर्यवंशी ने कहा, “मुझे लगता है कि थोड़ा, बहुत ज्यादा नहीं। चीजों को सिंपल रखने की कोशिश करो। मैं अच्छे इरादे से खेलने और गेंदबाजों पर हावी होने की कोशिश करता हूं। मैं गेंदबाज पर दबाव बनाना चाहता हूं। मेरा फोकस (आज) टीम के लिए योगदान देने पर था, मेरा फोकस अब ट्रॉफी जीतने पर है।”

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।