आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस समय शानदार फॉर्म में हैं। वैभव सूर्यवंशी ने 25 अप्रैल को जयपुर में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में सिर्फ 36 गेंदों में शानदार शतक लगाया। इस पारी के साथ वैभव 40 गेंदों से कम में दो आईपीएल शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए। वहीं 15 वर्षीय वैभव की इस पारी के बाद पाकिस्तान के क्रिकेट एक्सपर्ट नौमान नियाज ने उन पर बैट में एआई चिप इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। वहीं अब युवा बल्लेबाज ने इस पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
राजस्थान रॉयल्स के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर बुधवार को एक वीडियो शेयर किया गया। इस वीडियो में जब उनसे बैट में एआई चिप इस्तेमाल करने की बात पूछी गई, तो उन्होंने इस पर कड़ा और साफ जवाब दिया।
बल्ले में चिप लगाने की बात पर वैभव ने कहा कि, उनके बल्ले में कोई एआई चिप नहीं है, बल्कि भगवान ने ही उन्हें यह खास ताकत दी है और वही उनके खेल में नजर आती है। वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान रॉयल्स के X पर शेयर किए गए वीडियो में कहा, “भगवान ने लगाया है। ऊपर ही कहा था कि तुम्हारे बैट में कुछ दे रहा हूं, मैं बस उसी का इस्तेमाल कर रहा हूं।” वैभव का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पंजाब के खिलाफ वैभव का प्रदर्शन
वैभव सूर्यवंशी आईपीएल के सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में से एक हैं। वैभव ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में शानदार बल्लेबाजी की। न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में उन्होंने 223 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 16 गेंदों में 43 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 3 चौके और 5 छक्के लगाए। उन्होंने यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए सिर्फ 3.2 ओवर में 51 रन जोड़े। वहीं जायसवाल ने 27 गेंदों में 51 रन बनाए।