IPL 2026: आईपीएल 2026 का पहला क्वालीफायर गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में मंगलवार 26 मई को खेला जाएगा। इस अहम मुकाबले के लिए दोनों टीमें धर्मशाला पहुंच गई हैं। वहीं इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वायरल हो रहे वीडियो में विराट कोहली और शुभमन गिल नजर आ रहे हैं। वायरल हो रहे इस वीडियो में विराट शुभमन गिल की टांग खिंचाई करते हुए नजर आ रहे हैं। फैंस को ये वीडियो काफी पसंद आ रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में विराट कोहली और शुभमन गिल बेहद मजेदार अंदाज में नजर आ रहे हैं। वीडियो में गिल पहले जितेश शर्मा से बात करते दिखते हैं, तभी विराट वहां पहुंचते हैं। दोनों खिलाड़ी गर्मजोशी से गले मिलते हैं और फिर विराट मजाक करते हुए गिल की बियर्ड को लेकर उनकी खिंचाई करने लगते हैं। इसके बाद दोनों हंसते नजर आते हैं। फैंस को दोनों स्टार खिलाड़ियों की ये बॉन्डिंग काफी पसंद आ रही है। फैंस इस वीडियो को खूब शेयर कर रहे हैं।
विराट-गिल की बेहतरीन फॉर्म में
आईपीएल 2026 में विराट शानदार फॉर्म में हैं और इस सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हुए हैं। 14 लीग मैचों में उन्होंने 557 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। वहीं दूसरी ओर शुभमन गिल भी इस सीजन शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और ऑरेंज कैप की रेस में मजबूती से बने हुए हैं। गुजरात टाइटंस के कप्तान गिल ने 14 मैचों में 616 रन बनाए हैं और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उनसे आगे सिर्फ उनके ही साथी खिलाड़ी साई सुदर्शन हैं, जिन्होंने अब तक 638 रन बनाए हैं।
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के प्लेऑफ की चारों टीमें अब तय हो चुकी हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटन्स और सनराइजर्स हैदराबाद पहले ही अगले दौर में पहुंच चुके थे। बेंगलुरु और गुजरात के बीच मंगलवार को पहला क्वालिफायर मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच को जीतने वाली टीम सीधे 31 मई को अहमदाबाद में होने वाले फाइनल में पहुंच जाएगी। वहीं बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच एलिमिनेटर मुकाबला होगा। इस मैच में हारने वाली टीम का सफर खत्म हो जाएगा, जबकि जीतने वाली टीम दूसरे क्वालिफायर में जगह बनाएगी।