आईपीएल 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटंस (GT) को हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब जीता। फाइनल मुकाबले में आरसीबी के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली ने शानदार प्रदर्शन किया। विराट कोहली ने 42 गेंदों में 75 रन की नाबाद पारी खेली और अपनी टीम को दूसरी बार चैंपियन बनाने में सबसे बड़ा योगदान दिया। आरसीबी की इस जीत के बाद पूरे स्टेडियम में जमकर जश्न मनाया जा रहा था। इसी बीच स्टेडियम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में ट्रॉफी जीतने के बाद विराट कोहली युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से काफी देर तक बातचीत करते नजर आए। दोनों के बीच हुई यह मुलाकात कैमरे में कैद हो गई और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
इस सीजन में अपनी शानदार बल्लेबाजी से तहलका मचाने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी फाइनल मुकाबला स्टेडियम से देख रहे थे। वह भारतीय क्रिकेट के कई बड़े अधिकारियों के साथ दर्शक दीर्घा में मौजूद थे। मैच खत्म होने के बाद एक खास पल तब देखने को मिला, जब विराट कोहली खुद वैभव के पास पहुंचे और उनसे कुछ देर बातचीत की। मैच के बाद विराट कोहली ने वैभव सूर्यवंशी से मुलाकात की और उनके कंधे पर हाथ रखकर कुछ देर तक बातचीत की। दोनों के बीच क्या चर्चा हुई, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इस खूबसूरत पल ने फैंस का दिल जीत लिया।
भारतीय क्रिकेट के एक दिग्गज खिलाड़ी और उभरते हुए युवा सितारे की ये मुलाकात सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही। वैभव के लिए भी यह पल उनके यादगार सीजन की एक और खास उपलब्धि बन गया, जिसे वह लंबे समय तक याद रखेंगे। बता दें कोहली और वैभव की यह पहली मुलाकात नहीं थी। इससे पहले भी आईपीएल के दौरान गुवाहाटी में खेले गए एक मैच में वैभव ने आरसीबी के गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ बल्लेबाजी की थी। उस मुकाबले के बाद कोहली ने उनकी कैप पर ऑटोग्राफ दिया था, जिससे युवा खिलाड़ी का उत्साह और बढ़ गया था।
आईपीएल में वैभव की खौफनाक बल्लेबाजी
राजस्थान रॉयल्स की टीम भले ही फाइनल तक नहीं पहुंच सकी, लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने पूरे सीजन में अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। युवा बल्लेबाज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 776 रन बनाए और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने। उनके बेहतरीन खेल का इनाम भी उन्हें मिला, क्योंकि सीजन खत्म होने पर आयोजित पुरस्कार समारोह में उन्होंने पांच बड़े सम्मान अपने नाम किए। इस प्रदर्शन ने उन्हें आईपीएल 2026 के सबसे चर्चित और सफल खिलाड़ियों में शामिल कर दिया।
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई बड़े रिकॉर्ड बनाए। उन्होंने 72 छक्के लगाकर नया आईपीएल रिकॉर्ड बनाया और क्रिस गेल का पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। साथ ही, वह सबसे तेज़ी से 1000 आईपीएल रन पूरे करने वाले भारतीय और यह उपलब्धि हासिल करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी बन गए।