IPL 2026: आईपीएल 2026 अब अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है। लीग स्टेज के सभी मुकाबले खत्म होने के बाद अब प्लेऑफ के मुकाबले खेले जाएंगे। 26 मई से शुरू होने वाले प्लेऑफ में पहले क्वालिफायर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस एक दूसरे के आमने-सामने होंगे। इसके बाद बुधवार 27 मई को न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में एलिमिनेटर मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा। आईपीएल 2026 का पहला क्वालिफायर धर्मशाला में खेला जाएगा। पहाड़ी इलाका होने की वजह से यहां बारिश की संभावना हमेशा बनी रहती है।
ऐसे में फैंस के मन में सवाल है कि अगर मैच बारिश की वजह से पूरा नहीं हो पाया तो किस टीम को फायदा मिलेगा और फाइनल में पहुंचने का फैसला कैसे होगा। वहीं क्या बीसीसीआई ने मैच के लिए कोई रिजर्व डे रखा है।
मैच के लिए कोई रिजर्व डे नहीं
आईपीएल में फाइनल मैच को छोड़कर बाकी प्लेऑफ मुकाबलों के लिए रिजर्व डे नहीं रखा गया है। पहले क्वालिफायर, एलिमिनेटर और दूसरे क्वालिफायर में अगर बारिश खेल बिगाड़ती है, तो मैच के नतीजे नियमों के आधार पर तय किए जाएंगे। वहीं फाइनल के लिए अलग से रिजर्व डे रखा गया है, जिसका इस्तेमाल पहले आईपीएल 2023 में भी किया जा चुका है। ऐसे में फैंस के मन में यह सवाल बना हुआ है कि अगर प्लेऑफ मैच बारिश की वजह से पूरे नहीं हो पाए, तो आगे कौन सी टीम पहुंचेगी।
बारिश की वजह से रद्द हुआ तो किसे होगा फायदा
आईपीएल 2026 के पहले तीन प्लेऑफ मैचों के लिए रिजर्व डे नहीं रखा गया है। अगर बारिश की वजह से मैच पूरा नहीं हो पाता तो लीग स्टेज में जो टीम पॉइंट्स टेबल में ऊपर रही होगी, वह आगे जाएगी। जैसे अगर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस का मैच बारिश से रद्द हो जाता है, तो बेंगलुरु फाइनल में पहुंच जाएगी क्योंकि वह टेबल में पहले नंबर पर थी। वहीं अगर सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स का मैच बारिश की वजह से नहीं हो पाता, तो राजस्थान बाहर हो जाएगी क्योंकि वह नीचे के स्थान पर रही थी।
कितने बजे तक हो सकता है मैच
आईपीएल 2026 के प्लेऑफ मैचों में बारिश होने पर लीग मैचों से अलग नियम लागू होंगे। लीग स्टेज में मैच पूरा कराने के लिए सिर्फ 1 घंटे का अतिरिक्त समय मिलता था, लेकिन प्लेऑफ में ये समय बढ़ाकर 2 घंटे कर दिया गया है। टी20 मैच का रिजल्ट आने के लिए दोनों टीमों का कम से कम 5-5 ओवर खेलना जरूरी होता है। इसलिए अगर बारिश होती है, तो प्लेऑफ मुकाबलों को पूरा कराने के लिए ज्यादा समय दिया जाएगा, ताकि मैच रद्द न हो। जरूरत पड़ने पर मुकाबला देर रात तक चल सकता है और 5-5 ओवर का मैच रात 11:50 बजे तक भी शुरू कराया जा सकता है।