MI vs GT: आईपीएल का 30वां मुकाबला गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच ये मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। मुकाबले में गुजरात ने टॉस जीतकर पहले मुंबई को बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया है। वहीं मुंबई इंडियंस की ओर से दो प्लेयर्स ने गुजरात के खिलाफ अपना आईपीएल डेब्यू किया है। मुंबई की ओर से बल्लेबाज दानिश मालेवार और गेंदबाज कृष भगत ने अपना डेब्यू किया है। रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में दानिश को मौका मिला है।
वहीं अपने डेब्यू मैच में दानिश कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए। दानिश सिर्फ 4 गेंदों में 2 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें कगिसो रबाडा ने पवेलियन भेजा। वहीं कृष भगत को इस मुकाबले में मिडिल ओवरों में गेंदबाजी के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। आइए जानते हैं इन दोनों खिलाड़ियों के बारे में
दानिश मालेवार को भारतीय घरेलू क्रिकेट का एक उभरता हुआ प्रतिभाशाली बल्लेबाज माना जा रहा है, जिन्होंने विदर्भ टीम के लिए खेलते हुए हाल के समय में अच्छा प्रदर्शन दिखाया है। 22 साल के इस खिलाड़ी को मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 की नीलामी में उनके 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर अपनी टीम में शामिल किया था। आज का मुकाबला उनके करियर का पहला टी20 मैच है। इससे पहले उन्हें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेलने का मौका नहीं मिला था और उन्होंने अभी तक लिस्ट ए क्रिकेट में भी कदम नहीं रखा है।
दानिश मालेवार का प्रदर्शन
दानिश मालेवार का फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 26 पारियों में करीब 49 की औसत से 1,285 रन बनाए हैं, जिसमें 3 शतक और 10 अर्धशतक शामिल हैं। टॉप ऑर्डर बल्लेबाज के रूप में उन्होंने 2024-25 सीजन में विदर्भ क्रिकेट टीम को रणजी ट्रॉफी जिताने में अहम योगदान दिया।
गुजरात के खिलाफ मैच में आज दानिश मालेवार के साथ गेंदबाज कृष भगत ने भी अपना डेब्यू किया है। कृष भगत एक गेंदबाजी ऑलराउंडर हैं। कृष भगत को इस सीजन की शुरुआत में अथर्व अंकोलेकर की जगह टीम में शामिल किए गया था। कृष पंजाब से आते हैं और पिछले दो सालों से मुंबई इंडियंस के ट्रायल्स का हिस्सा रहे हैं। 2026 के डीवाई पाटिल टी20 कप में उन्होंने रिलायंस टीम के लिए खेला और प्री-सीजन के दौरान टीम के साथ सपोर्ट गेंदबाज के रूप में भी काम किया था।